कोल्हापुर : गन्ने का 5,000 रुपये प्रति टन भाव दिए जाने की मांग को लेकर पश्चिमी महाराष्ट्र में चल रहा गन्ना मूल्य आंदोलन अब और तेज हो गया है। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता, पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आगामी 3 नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। इससे आने वाले दिनों में गन्ना मूल्य का मुद्दा और गरमाने की संभावना है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गन्ने का 5,000 रुपये प्रति टन भाव दिए जाने की मांग को लेकर ‘स्वाभिमानी’ संगठन ने ‘छावनी’ आंदोलन शुरू किया है। इस आंदोलन का विस्तार अब कोल्हापुर,सांगली, सतारा जिले के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी हो गया है। विभिन्न स्थानों पर चीनी मिलों की ओर जाने वाले गन्ने के परिवहन को रोका जा रहा है। इसके कारण गन्ने की कटाई और ढुलाई पर असर पड़ रहा है।
शुक्रवार को कोल्हापुर जिलाधिकारी कार्यालय में जिला प्रशासन, चीनी मिल मालिकों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। गन्ना मूल्य के मुद्दे पर समाधान निकालने के लिए आयोजित यह बैठक बेनतीजा रही। किसान संगठन की मांगों और चीनी मिल मालिकों के रुख के बीच सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण कोई निर्णय नहीं हो पाया।
इस बीच, आंदोलन तेज होने के साथ ही कुछ स्थानों पर तनावपूर्ण घटनाएं भी सामने आई हैं। चीनी मिलों की ओर जाने वाले गन्ने के वाहनों को रोका गया है। कुछ जगहों पर गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जबकि ट्रैक्टरों को पलटने की घटनाएं भी हुई हैं। इन घटनाओं के कारण संबंधित क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया है। गन्ने की ढुलाई बाधित होने से चीनी मिलों के पेराई सत्र पर भी असर पड़ने की आशंका है।
गन्ना उत्पादक किसानों को उत्पादन लागत के मुकाबले उचित मूल्य मिले, इसी उद्देश्य से संगठन ने प्रति टन 5,000 रुपये की मांग पर जोर दिया है। राजू शेट्टी द्वारा 3 नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दिए जाने के बाद प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। जिले के विभिन्न हिस्सों में जारी आंदोलन को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गन्ना मूल्य का मुद्दा हल होने तक ‘छावनी’ आंदोलन जारी रखने का संकल्प किसान संगठन ने दोहराया है। ऐसे में आने वाले दिनों में चीनी मिल मालिकों, प्रशासन और किसान संगठनों के बीच फिर से बातचीत होगी या नहीं और गन्ना मूल्य का विवाद सुलझ पाएगा या नहीं, इस पर जिले के गन्ना उत्पादक किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।


















