कुआलालंपुर: मलेशिया सरकार ने B50 बायोडीजल के उपयोग को लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्णय लिया है। यह कदम मौजूदा ब्लेंडिंग डिपो के व्यापक उन्नयन की आवश्यकता को देखते हुए उठाया गया है, क्योंकि इसके लिए भारी वित्तीय निवेश की जरूरत पड़ सकती है। यह जानकारी प्लांटेशन एवं कमोडिटीज मंत्रालय (KPK) ने दी है। मंत्रालय के अनुसार, देश में बायोडीजल उपयोग के विस्तार की क्षमता का आकलन करने के लिए वर्ष 2025 के पाम ऑयल आपूर्ति संतुलन (Palm Oil Supply Balance) के आंकड़ों को आधार बनाया गया है।
KPK ने बताया कि, मलेशिया के पास पाम ऑयल की मजबूत आपूर्ति उपलब्ध है। वर्ष 2025 में कुल पाम ऑयल आपूर्ति 2.276 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जिसमें 17.1 लाख टन प्रारंभिक भंडार, 2.028 करोड़ टन उत्पादन और 7.7 लाख टन आयात शामिल हैं। मंत्रालय ने संसद की वेबसाइट पर प्रकाशित अपने लिखित जवाब में कहा कि, कुल उपलब्ध आपूर्ति में से 1.527 करोड़ टन वैश्विक निर्यात मांग को पूरा करने के लिए निर्धारित है, जबकि 44.3 लाख टन घरेलू जरूरतों के लिए रखा गया है। इसमें बायोडीजल क्षेत्र सहित विभिन्न आर्थिक क्षेत्रों की मांग शामिल है।
मंत्रालय के मुताबिक, वर्तमान आपूर्ति स्थिति को देखते हुए B30 बायोडीजल कार्यक्रम का विस्तार करने से देश के पाम ऑयल निर्यात पर कोई नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। B30 लागू करने के लिए प्रतिवर्ष लगभग 16 लाख टन पाम ऑयल की आवश्यकता होगी, जो देश की कुल पाम ऑयल आपूर्ति का केवल 7 प्रतिशत है। KPK ने कहा कि, यह हिस्सा कुल उपलब्ध आपूर्ति की तुलना में काफी कम है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मलेशिया एक साथ घरेलू खपत और निर्यात बाजार की मांग दोनों को पूरा करने में सक्षम है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि बायोडीजल उपयोग के विस्तार से देश की पाम ऑयल निर्यात क्षमता प्रभावित नहीं होगी और सरकार चरणबद्ध तरीके से इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा सकती है। वर्तमान में सरकार की दीर्घकालिक योजना राष्ट्रीय कृषि-वस्तु नीति के तहत बायोडीजल उपयोग को B30 तक बढ़ाने की है। इस लक्ष्य को राष्ट्रीय परिवहन नीति (National Transport Policy) और राष्ट्रीय ऊर्जा संक्रमण रोडमैप (National Energy Transition Roadmap) का भी समर्थन प्राप्त है। इन योजनाओं के तहत राष्ट्रीय बायोडीजल कार्यक्रम को पूरे मलेशिया में चरणबद्ध तरीके से विस्तारित किया जाएगा, ताकि वर्ष 2030 तक भूमि परिवहन क्षेत्र में B30 बायोडीजल लक्ष्य हासिल किया जा सके।


















