नेपाल : भारत के निर्यात प्रतिबंध के बाद चीनी की कीमतों में उछाल, पर्याप्त भंडार का सरकार का दावा

काठमांडू: भारत द्वारा चीनी निर्यात पर नया प्रतिबंध लगाए जाने के बाद नेपाल में चीनी की कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान करीब 15 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, नेपाल सरकार का कहना है कि, देश में उपलब्ध घरेलू और आयातित चीनी का भंडार फिलहाल पर्याप्त है, इसलिए बाजार में हस्तक्षेप करने की तत्काल आवश्यकता नहीं है। एक महीने पहले तक करीब 95 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाली चीनी अब देश के अधिकांश खुदरा बाजारों में 110 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। इसके बावजूद नेपाल सरकार ने फिलहाल भारत से अतिरिक्त चीनी आयात करने की कोई योजना नहीं बनाई है।

उद्योग मंत्रालय, चीनी उत्पादकों और व्यापारियों के अनुसार, वर्तमान भंडार अगले छह महीनों तक मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त है। लेकिन उपभोक्ता अधिकार कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि, यदि सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो आगामी त्योहारों के दौरान कीमतों में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। माधव तिमलसिना ने कहा कि, व्यापारियों ने भारत के निर्यात प्रतिबंध का बहाना बनाकर कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि, सरकारी स्तर पर दूसरे देशों से चीनी आयात की संभावनाओं पर तुरंत बातचीत शुरू की जाए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

तिमलसिना ने सुझाव दिया कि उद्योग मंत्रालय को चीनी की मांग और उत्पादकों व व्यापारियों के पास उपलब्ध स्टॉक का तत्काल आकलन करना चाहिए। यदि आपूर्ति में कमी की आशंका हो तो कृषि मंत्रालय, वाणिज्य विभाग और सरकारी एजेंसियों के समन्वय से वैकल्पिक आयात स्रोत तलाशे जाने चाहिए। उद्योग मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि, हितधारकों के साथ हुई चर्चा में यह स्पष्ट हुआ है कि घरेलू उत्पादन और आयातित चीनी का मौजूदा भंडार अक्टूबर तक की मांग पूरी करने में सक्षम है। कृत्रिम कमी पैदा करने का कोई औचित्य नहीं है और बाजार में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, यदि त्योहारों के दौरान मांग में अचानक वृद्धि होती है तो सरकार भारत से चीनी आयात की अनुमति मांग सकती है।

13 मई को भारत ने एल-नीनो से जुड़ी मौसम संबंधी चिंताओं और संभावित उत्पादन गिरावट का हवाला देते हुए नेपाल सहित कई देशों को चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा या अगले आदेश तक जारी रहेगा।दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चीनी निर्यातक भारत ने इससे पहले 15.9 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी। लेकिन नए प्रतिबंध के बाद वैश्विक बाजार में भी असर देखने को मिल रहा है।

गन्ना खेती में गिरावट से उत्पादन प्रभावित

नेपाल में पहले सालाना लगभग 1.55 लाख टन चीनी का उत्पादन होता था, लेकिन चीनी मिलों द्वारा किसानों को भुगतान में देरी के कारण कई किसानों ने गन्ना खेती छोड़ दी। इसके चलते उत्पादन घटकर करीब 1.2 लाख टन रह गया है। वहीं, नेपाल में हर वर्ष दक्षिणी सीमा से 40 से 50 हजार टन चीनी की अवैध तस्करी होने का भी अनुमान लगाया जाता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here