लागोस: नाइजीरिया की प्रमुख चीनी कंपनी डांगोटे शुगर रिफाइनरी पीएलसी ने अपने विस्तार कार्यक्रम और स्थानीय चीनी उत्पादन बढ़ाने की योजना को गति देने के लिए 485.88 अरब नायरा का राइट्स इश्यू लॉन्च किया है। कंपनी ने मौजूदा शेयरधारकों के लिए 8.098 अरब साधारण शेयर जारी करने की पेशकश की है। यह ऑफर हर 3 शेयर पर 2 नए शेयर के आधार पर 60 नायरा प्रति शेयर की कीमत पर दिया जा रहा है। यह राइट्स इश्यू 25 मई 2026 से खुल गया है और 24 जून 2026 तक खुला रहेगा। इसके लिए पात्रता तिथि 20 अप्रैल 2026 तय की गई थी। कंपनी की 20वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
डांगोटे शुगर के चेयरमैन अर्नोल्ड एक्पे ने कहा कि, इस पूंजी जुटाने से कंपनी की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी और भविष्य में विकास तथा मुनाफे की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि, कंपनी की “शुगर फॉर नाइजीरिया” योजना उसकी दीर्घकालिक रणनीति का मुख्य हिस्सा है। इसका उद्देश्य नाइजीरिया की आयातित चीनी पर निर्भरता कम करना, विदेशी मुद्रा के दबाव को घटाना, रोजगार पैदा करना और स्थानीय किसानों को बढ़ावा देना है। कंपनी का लक्ष्य देश में उगाए गए गन्ने से हर साल 15 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन करना है। इसके लिए करीब 45,000 हेक्टेयर भूमि विकसित की जाएगी।
इस योजना के तहत नुमन क्षेत्र में 27 लाख टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।नसरावा क्षेत्र में 33.5 लाख टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। कंपनी ने कहा कि, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अगले पांच वर्षों में भूमि विकास और उत्पादन ढांचे पर बड़े निवेश की जरूरत होगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, यह हाल के वर्षों में नाइजीरियाई शेयर बाजार के सबसे बड़े इक्विटी ऑफर्स में से एक है और इससे डांगोटे शुगर की विस्तार योजनाओं को बड़ा समर्थन मिलेगा।


















