एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध : दिल्ली टैक्सी और ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन 4 अगस्त को संसद तक निकालेगा मार्च

नई दिल्ली: दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल लागू किए जाने के विरोध में 4 अगस्त को संसद तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गन्ने हाथ में लेकर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा कि, देश के विभिन्न हिस्सों से ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और वाहन मालिकों ने E20 ईंधन लागू होने के बाद ईंधन दक्षता में कमी, रखरखाव लागत में वृद्धि और इंजन के प्रदर्शन को लेकर चिंताएं जताई हैं। उन्होंने कहा कि 2015 से पहले निर्मित कई वाहन 20 प्रतिशत एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के लिए डिजाइन नहीं किए गए हैं। उनके अनुसार, इस तरह का ईंधन वास्तव में नए मॉडल के वाहनों के लिए उपयुक्त है।

उन्होंने आगे कहा, जब लोग पेट्रोल के लिए भुगतान कर रहे हैं और सरकार इस ईंधन की कीमत बढ़ा रही है, तो हमें मिश्रित पेट्रोल क्यों दिया जा रहा है? नियामकीय और संचालन संबंधी चुनौतियों के कारण हम बढ़ते आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।”एसोसिएशन ने कहा कि, विरोध मार्च के माध्यम से वह एथेनॉल मिश्रण नीति की स्वतंत्र वैज्ञानिक समीक्षा की मांग करेगा। इस समीक्षा में वाहन मालिकों, उपभोक्ताओं, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों, ऑटोमोबाइल निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया जाना चाहिए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस बीच, एसोसिएशन के सदस्य जितेंद्र बॉबी ने ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली टैक्सियों और बसों पर लागू 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अनिवार्य गति सीमा की समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि, जहां आधुनिक हाईवे और एक्सप्रेसवे निजी वाहनों को अधिक गति की अनुमति देते हैं, वहीं व्यावसायिक पर्यटक वाहनों पर अब भी प्रतिबंधात्मक गति सीमा लागू है। इससे परिचालन दक्षता, यात्रियों की संतुष्टि और व्यवसाय की व्यवहार्यता प्रभावित हो रही है।

एसोसिएशन ने सभी अन्य टैक्सी और ट्रक यूनियनों से अगले महीने होने वाले विरोध मार्च में शामिल होने की अपील की है। एसोसिएशन को उम्मीद है कि इसमें हजारों कैब चालक और ट्रक चालक भाग लेंगे। एसोसिएशन के अनुसार, उनकी प्रमुख मांगों में E20 एथेनॉल मिश्रण नीति की स्वतंत्र समीक्षा, पैनिक बटन और वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) के क्रियान्वयन का ऑडिट और जांच, पर्यटक वाहनों पर लागू 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा की समीक्षा, पुराने वाहनों को प्रभावित करने वाली वाहन स्क्रैपेज नीति पर पुनर्विचार, BS-IV डीजल पर्यटक वाहनों पर लगे प्रतिबंधों की समीक्षा और अधिक टोल टैक्स में कमी शामिल हैं।

विरोध प्रदर्शन को गैर-राजनीतिक बताते हुए संजय सम्राट ने कहा, “हम संसद तक विरोध प्रदर्शन और मार्च करेंगे। यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा और इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, क्योंकि हमारा एसोसिएशन किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है। हम केवल व्यावसायिक वाहन उपयोगकर्ताओं से जुड़े वास्तविक मुद्दों को उठाएंगे और केंद्र एवं राज्य सरकारों से सभी हितधारकों के साथ रचनात्मक संवाद शुरू कर उनकी चिंताओं का समाधान करने का आग्रह करेंगे।”

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here