पाकिस्तान की भारत को चीनी निर्यात की तैयारी, मिलों पर बढ़ते स्टॉक और नकदी संकट का दबाव

इस्लामाबाद: पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि ने सरकार से 12 लाख टन तक अतिरिक्त चीनी भारत को निर्यात करने की अनुमति देने की मांग की है। उनका कहना है कि, इससे पाकिस्तान की चीनी मिलों के पास जमा अतिरिक्त स्टॉक कम होगा, मिलों की वित्तीय स्थिति में सुधार आएगा और देश को करीब 60 करोड़ डॉलर तक का विदेशी मुद्रा राजस्व मिल सकता है।

हुनजा शुगर मिल्स लिमिटेड के चौधरी मुहम्मद वहीद ने कहा कि, पाकिस्तान की चीनी मिलों के पास 12 लाख टन से अधिक अतिरिक्त चीनी का स्टॉक जमा है। इससे मिलों पर लगातार वित्तीय दबाव बढ़ रहा है, खासकर ऐसे समय में जब वे अगले गन्ना पेराई सीजन की तैयारी कर रही हैं।यह मांग ऐसे समय सामने आई है, जब भारत घरेलू बाजार में बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण पाने के लिए करीब 10 लाख टन चीनी आयात करने पर विचार कर रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वहीद के अनुसार, पाकिस्तान भारत के बाजार में चीनी की आपूर्ति करने के लिए बेहतर स्थिति में है। दोनों देशों की भौगोलिक निकटता के कारण दूर के देशों से आने वाली चीनी की तुलना में परिवहन और माल ढुलाई की लागत कम हो सकती है।15 अगस्त 2026 तक पाकिस्तान में चीनी का कुल स्टॉक करीब 28.1 लाख टन था, जबकि देश में औसत मासिक खपत करीब 5.5 लाख टन है।

मौजूदा स्टॉक के आधार पर उन्होंने कहा कि, पाकिस्तान के पास कम से कम दिसंबर 2026 के अंत तक घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध है। ऐसे में रणनीतिक भंडार को प्रभावित किए बिना कुछ मात्रा में चीनी का निर्यात किया जा सकता है।इस बीच, पाकिस्तान की कैबिनेट की इकोनॉमिक कोऑर्डिनेशन कमेटी (ECC) ने बुधवार को अतिरिक्त चीनी के 1.08 लाख मीट्रिक टन निर्यात के लिए अंतरराष्ट्रीय टेंडर जारी करने को मंजूरी दे दी।

वित्त एवं राजस्व मामलों के संघीय मंत्री मुहम्मद औरंगजेब की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं अनुसंधान मंत्रालय के उस प्रस्ताव पर विचार किया गया, जिसमें अतिरिक्त चीनी के निर्यात की अनुमति मांगी गई थी।निर्यात के लिए निर्धारित चीनी फिलहाल ट्रेडिंग कॉरपोरेशन ऑफ पाकिस्तान (TCP) के पास रखी हुई है। यह उस 3 लाख टन चीनी में से बची हुई मात्रा है, जिसे पिछले साल शुगर पर गठित संचालन समिति की सिफारिश के बाद पाकिस्तान सरकार ने आयात किया था। इस समिति का गठन कैबिनेट की मंजूरी से किया गया था।

सरकार के अनुसार, 1.08 लाख टन चीनी के अंतरराष्ट्रीय टेंडर की प्रक्रिया पब्लिक प्रोक्योरमेंट रेगुलेटरी अथॉरिटी (PPRA) रूल्स, 2004 के तहत पूरी की जाएगी। यदि भारत पाकिस्तान से चीनी आयात की अनुमति देता है, तो यह दोनों देशों के चीनी बाजारों के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम हो सकता है। हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापारिक नीतियों और आवश्यक सरकारी मंजूरियों पर भी इसका निर्भर रहना होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here