नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में केंद्र सरकार ने कहा कि, देश के पेट्रोल पंपों पर E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। सरकार ने स्पष्ट किया कि, इस संबंध में तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लिखित उत्तर में बताया कि, राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति (National Policy on Biofuels) के तहत सरकार तेल विपणन कंपनियों के माध्यम से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम लागू कर रही है। यह कार्यक्रम सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित मिश्रण लक्ष्य, ईंधन गुणवत्ता मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के सुरक्षित भंडारण, रखरखाव और वितरण के लिए विस्तृत तकनीकी मानक और संचालन प्रक्रियाएं अपनाई हैं। सरकार के अनुसार, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम को चरणबद्ध, वैज्ञानिक और व्यापक विचार-विमर्श की प्रक्रिया के तहत लागू किया गया है। इस प्रक्रिया में नीति आयोग, ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनियां, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) तथा अन्य तकनीकी संस्थानों की भागीदारी रही है।
सरकार ने बताया कि, एथेनॉल कोई नया ईंधन नहीं है। ब्राजील जैसे देशों में दशकों से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का उपयोग किया जा रहा है। भारत में 2001 में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम की शुरुआत पायलट परियोजना के रूप में हुई थी। 2006 में E5 लागू किया गया। वर्ष 2013-14 में एथेनॉल मिश्रण औसतन 1.53 प्रतिशत था, जिसे धीरे-धीरे उत्पादन क्षमता, बुनियादी ढांचे और नियामक व्यवस्था विकसित करने के बाद बढ़ाया गया।
सरकार ने कहा कि, देशभर में प्रतिदिन लगभग 8 करोड़ वाहन पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने आते हैं, जिनमें करीब 80 प्रतिशत पेट्रोल वाहन हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास भूमिगत भंडारण टैंक, पाइपलाइन, पंप और डिस्पेंसिंग यूनिट जैसी मजबूत व्यवस्थाएं हैं, जिन्हें नियमित रूप से जांचा और रखरखाव किया जाता है ताकि पानी के प्रवेश या ईंधन में किसी प्रकार की मिलावट को रोका जा सके।
सरकार के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण बढ़ने के साथ तेल कंपनियों ने मौजूदा रिटेल इंफ्रास्ट्रक्चर का तकनीकी परीक्षण किया और आवश्यक संशोधन किए हैं। भूमिगत टैंक, पाइपलाइन और ईंधन वितरण प्रणाली की सामग्री अनुकूलता (Material Compatibility) और संचालन क्षमता का मूल्यांकन किया गया है।
इन परीक्षणों और लंबे समय के संचालन अनुभव में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण किसी प्रकार की रासायनिक या भौतिक क्षति के प्रमाण नहीं मिले हैं, बशर्ते निर्धारित मानकों और रखरखाव प्रक्रियाओं का पालन किया जाए। जहां जरूरत पड़ी, वहां गैस्केट, सील और अन्य हाइड्रोलिक पुर्जों को बदला या उन्नत किया गया है।
सरकार ने यह भी बताया कि, पेट्रोल पंपों पर लगे ऑटोमैटिक टैंक गेजिंग (ATG) सिस्टम लगातार ईंधन और पानी के स्तर की निगरानी करते हैं। यदि किसी टैंक में पानी निर्धारित सीमा से अधिक पाया जाता है तो सिस्टम स्वतः उस टैंक से ईंधन वितरण रोक देता है, जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता।
सरकार ने कहा कि, भारत ने निर्धारित लक्ष्य से पांच वर्ष पहले ही 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि दो दशकों से अधिक समय तक चले चरणबद्ध नीति निर्माण, वैज्ञानिक परीक्षण, हितधारकों से परामर्श, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास के बाद संभव हुई है।
सरकार के अनुसार, ARAI, SIAM, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए व्यापक प्रयोगशाला परीक्षणों और फील्ड ट्रायल में इंजन की मजबूती, ड्राइविंग प्रदर्शन, ठंडे मौसम में स्टार्ट क्षमता, जंग-रोधी क्षमता, सामग्री की अनुकूलता, ईंधन प्रणाली की विश्वसनीयता, उत्सर्जन और ईंधन दक्षता जैसे सभी पहलुओं पर E20 पेट्रोल को निर्धारित मानकों के तहत सुरक्षित पाया गया है।


















