लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लगातार घट रहे गन्ना उत्पादन को लेकर लखनऊ स्थित गन्ना संस्थान, डालीबाग में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव गन्ना एवं चीनी विकास वीणा कुमारी ने की। इसमें भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के प्रतिनिधिमंडल ने भी हिस्सा लिया और गन्ना उत्पादन बढ़ाने को लेकर कई सुझाव दिए।इसके अलावा प्रदेश में एक गन्ना विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। भाकियू अराजनीतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि, बैठक में मिट्टी की सेहत सुधारने, कीट प्रबंधन, उन्नत बीजों के उपयोग और किसानों को बेहतर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों से मिले सुझावों के आधार पर कई अहम फैसलों पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि, कृषि विभाग के अधिकारियों को यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर भ्रामक प्रचार करने वाली दवाइयों और उत्पादों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। इसके लिए प्रमुख सचिव कृषि को पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की सभी चीनी मिलों में मृदा परीक्षण लैब स्थापित करने पर भी सहमति बनी, ताकि किसानों को अपनी जमीन की गुणवत्ता के अनुसार सही सलाह और उर्वरक उपयोग की जानकारी मिल सके। बैठक में गन्ने की नई प्रजातियों कोलक-20016 और कोलक-21012 को उत्तर प्रदेश में जारी करने के लिए भी प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं प्रदेश में एक विशेष गन्ना विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर भी सहमति बनी, जिससे गन्ना अनुसंधान और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिल सके।
गन्ने में फैल रही टॉप बोरर जैसी बीमारियों पर शोध कराने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ तथा गन्ना शोध केंद्र शाहजहांपुर को पत्र भेजने का फैसला लिया गया। किसानों को नि:शुल्क मैली उपलब्ध कराने और मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में गन्ना आयुक्त, अपर गन्ना आयुक्त वी.के. शुक्ला, बी.बी. सिंह समिति, विश्वेश्वर कनौजिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं किसान प्रतिनिधिमंडल में बाबा राजेंद्र सिंह मलिक, धर्मेंद्र मलिक, दिगंबर सिंह, दुष्यंत कुमार, अंकित कुमार और प्रासू राणा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।


















