नई दिल्ली : ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए तेजी से बढ़ रही पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की बिक्री के बीच संसद की स्थायी समिति ने चीनी की मात्रा और उससे जुड़े दावों को लेकर सख्त और पारदर्शी लेबलिंग व्यवस्था की सिफारिश की है। लोकसभा में पेश की गई समिति की 15वीं रिपोर्ट ‘पैकेज्ड वस्तुओं का विनियमन, विशेष रूप से शिशु उत्पादों और अन्य खाद्य उत्पादों में चीनी की मात्रा के संदर्भ में’ में कहा गया है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के तेजी से विस्तार से पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री बढ़ी है। इससे सही लेबलिंग और उत्पादों से जुड़े सटीक दावों को सुनिश्चित करने में नई चुनौतियां पैदा हुई हैं।
समिति ने कहा कि, केवल पैकेट पर चीनी की मात्रा लिखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को यह भी स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए कि किसी उत्पाद में चीनी का स्तर कम है या अधिक। समिति ने फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग के तहत चीनी के स्तर का अनिवार्य वर्गीकरण लागू करने की सिफारिश की है। इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के वैज्ञानिक मानकों के आधार पर स्पष्ट सीमाएं तय करने की बात कही गई है। चीनी उद्योग के नजरिए से यह कदम पैकेज्ड खाद्य उत्पादों में चीनी के इस्तेमाल और उपभोक्ता धारणा को प्रभावित कर सकता है। खासतौर पर शिशु आहार और बच्चों के खाद्य उत्पादों में अतिरिक्त चीनी की मात्रा को लेकर अधिक स्पष्ट नियम लागू होने की संभावना है।
समिति ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खाद्य उत्पादों की गलत लेबलिंग और चीनी से जुड़े भ्रामक दावों पर रोक लगाने के लिए उपभोक्ता मामलों के विभाग, FSSAI, राज्य खाद्य सुरक्षा प्राधिकरणों और CCPA के बीच समन्वित निगरानी तंत्र बनाने की सिफारिश की है। साथ ही, अधिक चीनी वाले उत्पादों पर रंग-आधारित और आसानी से समझ आने वाली चेतावनी वाली लेबलिंग लागू करने का सुझाव दिया गया है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कड़ी और बढ़ती हुई कार्रवाई की भी सिफारिश की गई है।


















