लखनऊ : प्रदेश में गन्ना बुवाई को तेज करने और किसानों को अधिकतम सुविधा देने के लिए गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने चीनी मिलों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, बसंतकालीन बुवाई के तय लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए और किसानों को बीज, परिवहन तथा कृषि निवेश में पूरा सहयोग मिले। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बसंतकालीन गन्ना बुवाई का लक्ष्य 14.48 लाख हेक्टेयर रखा गया है, जिसके मुकाबले अब तक 8.71 लाख हेक्टेयर यानी करीब 60 प्रतिशत क्षेत्र में बुवाई हो चुकी है। यह पिछले साल की समान अवधि (7.50 लाख हेक्टेयर) से काफी बेहतर प्रगति है।
गन्ना विभाग ने पहली बार बीज प्रबंधन को पारदर्शी बनाने के लिए 6.90 करोड़ कुंतल बीज आरक्षित कर उसे ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराया है। किसानों को एसएमएस के जरिए भी गुणवत्तापूर्ण बीज की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही “सीड ट्रैक एंड ट्रेस” ऐप विकसित किया जा रहा है, जिससे बीज वितरण की निगरानी सुनिश्चित होगी। किसानों को उन्नत और रोगरोधी किस्में उपलब्ध कराने के लिए नई प्रजातियां जारी की गई हैं। बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान भी चलाया गया, जिसमें अपमिश्रित और अस्वीकृत क्षेत्रों की पहचान की गई। महिला सशक्तिकरण के तहत 3,184 स्वयं सहायता समूहों की लगभग 60 हजार महिलाएं गन्ना नर्सरी तैयार कर रही हैं। साथ ही 1.48 लाख छोटी जोत वाली महिला किसानों को गन्ना आपूर्ति में प्राथमिकता दी गई है।
चीनी मिलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि यंत्र और मशीनीकरण में सहयोग करें। गन्ना बीज और परिवहन के लिए 94 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। साथ ही केन हार्वेस्टर और कृषि ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में इस समय 121 चीनी मिलें संचालित हैं, जिनमें 64 मिलों में 2000 मेगावाट क्षमता की कोजन इकाइयां और 53 मिलों में 258.67 करोड़ लीटर क्षमता के एथनॉल प्लांट स्थापित हैं। पिछले 9 वर्षों में 44 परियोजनाओं के जरिए 1,24,500 टीसीडी अतिरिक्त पेराई क्षमता बढ़ाई गई है। सरकार ने गन्ना किसानों के भुगतान को प्राथमिकता देते हुए अपने कार्यकाल में 3,19,223 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित किया है, जो 2007-2017 की तुलना में 1,71,877 करोड़ रुपये अधिक है।
उन्होंने कहा, वर्तमान पेराई सत्र में 858 लाख कुंतल गन्ने की पेराई से 87.56 लाख टन चीनी का उत्पादन किया जा चुका है।सहकारी चीनी मिलों की कार्यप्रणाली में सुधार के चलते इस वर्ष 97.3 लाख कुंतल चीनी का विक्रय हुआ है, जिससे किसानों को समय पर भुगतान संभव हो सका है। इसके अलावा विभाग ने 78 करोड़ रुपये की 49 परियोजनाओं के शिलान्यास और 55 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाओं के लोकार्पण की तैयारी की है। गन्ना मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


















