नई दिल्ली : भारत में वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने का कुल रकबा लगभग 58.5 लाख हेक्टेयर तक पहुंचने की संभावना है, जो पिछले वर्ष के स्तर के लगभग बराबर है। हालांकि, सीजन के अंत में चीनी का समापन भंडार पिछले कई वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच सकता है, जिससे सरकार पर घरेलू बाजार में उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने का दबाव बढ़ सकता है।ऐसे में निर्यात और एथेनॉल मिश्रण के लिए चीनी उपलब्ध कराने पर भी असर पड़ सकता है।
राज्यों और उद्योग जगत के स्रोतों से ‘बिज़नेसलाइन’ द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, जून के पहले सप्ताह तक गन्ने की बुवाई 54.1 लाख हेक्टेयर में हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 54.3 लाख हेक्टेयर थी। देश के सबसे बड़े गन्ना उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में 28 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई, जो पिछले वर्ष के बराबर है। महाराष्ट्र में रकबा बढ़कर 11.8 लाख हेक्टेयर हुआ, जबकि कर्नाटक में मामूली गिरावट के साथ यह 4.3 लाख हेक्टेयर रहा।
केंद्र सरकार ने 2026-27 के लिए गन्ना उत्पादन का लक्ष्य 50 करोड़ टन रखा है, लेकिन चीनी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। घरेलू मांग लगातार बढ़ रही है और उपलब्ध आपूर्ति से आगे निकल चुकी है। मौजूदा सीजन के पहले छह महीनों के लिए सरकार ने 1.33 करोड़ टन चीनी की बिक्री की अनुमति दी थी, लेकिन मिलों से वास्तविक बिक्री 1.44 करोड़ टन रही। इससे पूरे सीजन में चीनी की कुल खपत 2.85 से 2.90 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है।दूसरी ओर, 2025-26 सीजन में शुद्ध चीनी उत्पादन 2.8 करोड़ टन से कम रहने की संभावना है। इसके चलते अगले सीजन की शुरुआत में उपलब्ध शुरुआती भंडार 30 सितंबर तक घटकर 35 से 39 लाख टन रह सकता है, जो पिछले वर्ष के 49 लाख टन के मुकाबले काफी कम होगा।
नीति में ढील की गुंजाइश बेहद कम…
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि, घरेलू मांग अपेक्षा से अधिक रहने के कारण सरकार के लिए चीनी नीति में ढील देना मुश्किल हो सकता है। वहीं, मौसम विभाग और विभिन्न एजेंसियों द्वारा कमजोर मानसून की आशंका जताए जाने से चिंता और बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के मध्य एवं पूर्वी हिस्सों तथा बिहार में गन्ने की पैदावार काफी हद तक मानसून पर निर्भर करती है।हाल ही में सरकार ने चीनी निर्यात की अनुमति अवधि समय से पहले समाप्त कर दी थी। 16 लाख टन निर्यात को मंजूरी मिलने के बावजूद 8 लाख टन से कम चीनी का ही निर्यात हो पाया। विशेषज्ञों का मानना है कि घटते भंडार को देखते हुए सरकार घरेलू बाजार की जरूरतों को प्राथमिकता देगी, जिससे निर्यात बढ़ाने और एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के उपयोग पर अंकुश लग सकता है।
एथेनॉल के लिए चीनी डायवर्जन भी घट सकता है…
उद्योग सूत्रों के अनुसार, एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का डायवर्जन भी 30 लाख टन (चीनी के समतुल्य) से कम रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले सीजन के लिए शुरुआती भंडार कम रहता है और उत्पादन भी मौजूदा स्तर पर ही बना रहता है, तो एथेनॉल और निर्यात दोनों की जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त चीनी उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होगा।


















