कोयंबटूर : देश के गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कोयंबटूर स्थित आईसीएआर-शुगरकेन ब्रीडिंग इंस्टीट्यूट (एसबीआई) में ‘गन्ना उत्कृष्टता केंद्र’ स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए कुल 90 करोड़ रुपये का संयुक्त वित्तीय प्रावधान किया जाएगा। इसकी घोषणा राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल महासंघ (नई दिल्ली) के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील ने की। कोयंबटूर में वैज्ञानिकों के साथ आयोजित विचार-विमर्श बैठक, प्रयोगशालाओं के निरीक्षण और क्षेत्रीय संवाद के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने यह जानकारी दी।
इस अवसर पर आईसीएआर-एसबीआई के निदेशक पी. गोविंदराज, तमिलनाडु सरकार के अतिरिक्त चीनी आयुक्त अरुणराज, तथा इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) के पदाधिकारी और विशेषज्ञ भी उपस्थित थे।हर्षवर्धन पाटील ने बताया कि, यह उत्कृष्टता केंद्र राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल महासंघ और इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 45 करोड़ रुपये चीनी उद्योग की ओर से और लगभग 45 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से, कुल मिलाकर 90 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस केंद्र के माध्यम से गन्ना किसानों को आधुनिक अनुसंधान, उन्नत गन्ना किस्में, अत्याधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, प्रदर्शन परियोजनाएं और वैज्ञानिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गन्ने की उत्पादकता बढ़ेगी, चीनी की रिकवरी बेहतर होगी और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। पाटील ने कहा कि, भविष्य में जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली, अधिक वर्षा, लवणीय मिट्टी और अत्यधिक गर्म परिस्थितियों में भी टिकाऊ गन्ना किस्मों के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा रैटून (खोडवा) फसल की उत्पादकता बढ़ाने, कृषि आदानों के दक्ष उपयोग, तथा इथेनॉल, बायो-सीएनजी और हरित ऊर्जा के लिए उपयुक्त गन्ना किस्मों के विकास पर भी अनुसंधान केंद्रित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि, देश का चीनी उद्योग 6 करोड़ से अधिक किसानों, लगभग 50 लाख मिल कर्मचारियों और 1 करोड़ से अधिक मौसमी मजदूरों की आजीविका से जुड़ा हुआ है। इस उद्योग का वार्षिक कारोबार 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक है और इससे सरकार को 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर राजस्व प्राप्त होता है।
आईसीएआर-एसबीआई के निदेशक पी. गोविंदराज ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से संस्थान की आधारभूत संरचना संबंधी कमियां दूर होंगी। आनुवंशिकी, जीनोम एडिटिंग और जैव प्रौद्योगिकी के माध्यम से रोग प्रतिरोधक, जलवायु परिवर्तन के अनुकूल और अधिक उत्पादक गन्ना किस्मों के विकास को नई गति मिलेगी। इससे जैविक और अजैविक तनावों का सामना करने वाली नई गन्ना प्रजातियों के विकास का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
देश का सबसे पुराना गन्ना अनुसंधान संस्थान
कोयंबटूर स्थित आईसीएआर-शुगरकेन ब्रीडिंग इंस्टीट्यूट भारत का सबसे पुराना और अग्रणी गन्ना अनुसंधान संस्थान है। इसकी स्थापना 1912 में हुई थी और पिछले 110 वर्षों से अधिक समय में इस संस्थान ने अनेक उन्नत गन्ना किस्में विकसित कर देश में गन्ना उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रस्तावित ‘गन्ना उत्कृष्टता केंद्र’ इस संस्थान की अनुसंधान क्षमता को नई ऊंचाई देगा और इसका सीधा लाभ देश के लाखों गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग को मिलेगा।
#तमिलनाडु
#कोयंबटूर
#गन्ना उत्कृष्टता केंद्र
#गन्ना किसान
#चीनी उद्योग
—


















