तेलंगाना सरकार ज्वार और सूरजमुखी की एमएसपी पर करेगी खरीद, किसानों को मिलेगा बड़ा सहारा

हैदराबाद: बाजार में ज्वार और सूरजमुखी के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से नीचे जाने के बाद तेलंगाना सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए इन दोनों फसलों की सरकारी खरीद करने का फैसला किया है। इसके साथ ही सरकार ने मक्का खरीद का दायरा भी बढ़ा दिया है। राज्य सरकार ने मक्का खरीद के लिए ₹1,867.77 करोड़ की अतिरिक्त बैंक गारंटी मंजूर की है।इससे इस सीजन में कुल खर्च लगभग 6,000 करोड़ तक पहुंच जाएगा।

कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा कि, केंद्र सरकार से एमएसपी पर खरीद के लिए वित्तीय सहायता की मांग की गई थी, लेकिन सकारात्मक जवाब नहीं मिला।इसके बाद राज्य सरकार ने खुद आगे बढ़कर किसानों से खरीद करने का निर्णय लिया।उन्होंने कहा, केंद्र सरकार से हमें अनुकूल प्रतिक्रिया नहीं मिली, इसलिए हमने खुद किसानों से एमएसपी पर खरीद करने का फैसला लिया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मक्का की रिकॉर्ड पैदावार का अनुमान…

सरकार को 2025-26 रबी सीजन में करीब 43 लाख टन मक्का उत्पादन की उम्मीद है। औसतन प्रति एकड़ 26.50 क्विंटल उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।मंत्री के अनुसार सरकार पहले ही मार्केटिंग फेडरेशन को मक्का खरीद के लिए ₹4,173 करोड़ की बैंक गारंटी दे चुकी है। अब तक 13 लाख टन मक्का खरीदा जा चुका है और अब 6.50 लाख टन अतिरिक्त खरीदने का फैसला लिया गया है।फिलहाल मक्का का एमएसपी ₹2,400 प्रति क्विंटल है, जबकि बाजार में कीमत करीब ₹1,700 प्रति क्विंटल चल रही है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।

ज्वार की भी एमएसपी पर खरीद होगी…

सरकार ने हाइब्रिड ज्वार की खरीद भी एमएसपी पर करने का फैसला किया है। बाजार में ज्वार का भाव लगभग ₹2,000 प्रति क्विंटल है, जबकि एमएसपी ₹3,699 प्रति क्विंटल निर्धारित है।राज्य सरकार ने ज्वार खरीद पर करीब ₹1,100 करोड़ खर्च करने का अनुमान जताया है। राज्य में ज्वार का उत्पादन करीब 4 लाख टन रहने का अनुमान है।

सूरजमुखी किसानों को भी राहत…

तेलंगाना सरकार सूरजमुखी की खरीद भी एमएसपी पर करेगी। सूरजमुखी का एमएसपी ₹7,721 प्रति क्विंटल है, जबकि बाजार में इसकी कीमत घटकर ₹5,376 प्रति क्विंटल रह गई है।मंत्री ने कहा कि, केंद्र सरकार एमएसपी पर खरीद की सीमा 25 प्रतिशत तय करती है, लेकिन तेलंगाना सरकार किसानों को राहत देने के लिए इस सीमा से आगे बढ़कर खरीद करेगी।उन्होंने कहा,किसानों को नुकसान से बचाने के लिए हमने तय सीमा से अधिक खरीद करने का फैसला लिया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here