नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में रेड रॉट (लाल सड़न) रोग के प्रति संवेदनशील Co 0238 गन्ना किस्म का रकबा 2020-21 में कुल गन्ना क्षेत्र के 86 प्रतिशत से घटकर 2025-26 में 29 प्रतिशत रह गया है। यह जानकारी केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लोकसभा में सांसद राजीव राय के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। लिखित उत्तर में उद्धृत उत्तर प्रदेश सरकार के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के गन्ना उत्पादक जिलों में रेड रॉट रोग से प्रभावित क्षेत्र 2021-22 से 2023-24 के बीच तेजी से बढ़ा और 2023-24 में 61,900 हेक्टेयर से अधिक पर पहुंच गया। इसके बाद इसमें तेज गिरावट आई और 2025-26 में यह घटकर लगभग 6,372 हेक्टेयर रह गया।
रोग के चरम वर्षों के दौरान लखीमपुर, हरदोई, बिजनौर और मुरादाबाद जैसे जिलों में संक्रमण का बड़ा हिस्सा दर्ज किया गया था। हालांकि, 2025-26 तक अधिकांश जिलों में प्रभावित क्षेत्र में उल्लेखनीय कमी देखी गई है। मंत्री ने बताया कि, पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने ब्रीडर, फाउंडेशन और प्राथमिक नर्सरियों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से रेड रॉट प्रतिरोधी गन्ना बीज का उत्पादन और वितरण किया। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों में हर वर्ष लाखों क्विंटल बीज वितरित किया गया।
उन्होंने कहा कि, शुरुआत में Co 0238 का हिस्सा कुल गन्ना क्षेत्र के 86 प्रतिशत से अधिक होने और गन्ने के बीज गुणन (सीड मल्टीप्लिकेशन) में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने के कारण किस्म परिवर्तन की गति धीमी रही। बाद में CoS 19231, CoS 17451, CoLk 16202 और CoS 16233 जैसी नई शीघ्र, मध्यम और देर से पकने वाली किस्मों की उपलब्धता से किस्म परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई। किस्म परिवर्तन कार्यक्रम के परिणामों के बारे में मंत्री ने बताया कि रेड रॉट रोग से होने वाली फसल हानि में कमी आई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में गन्ने की औसत उत्पादकता 2023-24 के 81.34 टन प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 2025-26 में 81.97 टन प्रति हेक्टेयर हो गई है।


















