नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा की, चीनी उद्योग से पारंपरिक चीनी उत्पादन से आगे बढ़कर एथेनॉल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास पर लक्ष केन्द्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा, इससे गन्ने की खेती और चीनी मिलों की आर्थिक व्यवहार्यता को बेहतर बनाया जा सकता है।राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ लिमिटेड (NFCSF) की मेजबानी में आयोजित NFCSF मेगा ट्रिपल इवेंट 2026 में चीनी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि, कृषि को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि, चीनी उद्योग को ऊर्जा, तकनीक और मूल्यवर्धन के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने चाहिए।गडकरी ने उद्योग के सामने दो व्यापक अवधारणाओं “ज्ञान से संपदा” (Knowledge to Wealth) और “कचरे से संपदा” (Waste to Wealth) को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नवाचार, अनुसंधान और तकनीक के इस्तेमाल से कृषि एवं औद्योगिक कचरे से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है।
केवल चीनी उत्पादन से दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता संभव नहीं
गडकरी ने कहा कि, वैश्विक चीनी बाजार पर ब्राजील जैसे देशों में उत्पादन और कीमतों का काफी प्रभाव पड़ता है, जबकि भारत में चीनी उत्पादन की लागत अपेक्षाकृत अधिक है। उन्होंने अनुमान का हवाला देते हुए कहा कि, ब्राजील में चीनी उत्पादन की लागत करीब 23 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि भारत में यह लगभग 33-34 रुपये प्रति किलोग्राम है। ऐसे में घरेलू चीनी उद्योग को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाए रखने के लिए केवल चीनी उत्पादन पर निर्भर रहने के बजाय अन्य क्षेत्रों पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने चीनी मिलों से मौजूदा कच्चे माल और बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल कर आय के कई स्रोत विकसित करने का आग्रह किया, ताकि उद्योग मुख्य रूप से चीनी बिक्री पर निर्भर न रहे। गडकरी ने कहा कि चीनी का भविष्य ठीक है, लेकिन उद्योग की संभावनाएं तब और बेहतर होंगी जब मिलें उप-उत्पादों के क्षेत्र में विस्तार करेंगी।
CBG से चीनी उद्योग के लिए नए अवसर
गडकरी ने कृषि और चीनी क्षेत्र के लिए कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) को एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि गन्ने का बायोमास, बांस, धान की पराली और घास जैसे कृषि अवशेषों को CBG में बदला जा सकता है। इससे किसानों और उद्योग के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार हो सकता है। गडकरी ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 1,908 CBG संयंत्र पंजीकृत हैं। इनमें से 132 संयंत्र चालू हैं, जबकि 340 संयंत्र निर्माणाधीन हैं। उनके अनुसार, चालू संयंत्रों की संयुक्त क्षमता करीब 900 से 1,000 टन प्रतिदिन है।
उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार की ओर से CBG की खरीद की आवश्यकता करीब 5,000 टन प्रतिदिन है और इसकी दर लगभग 106 रुपये प्रति किलोग्राम है। उन्होंने कहा कि बढ़ता बाजार चीनी उद्योग के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है। गडकरी के अनुसार, किसान बायोमास की आपूर्ति करके धीरे-धीरे ऊर्जा उत्पादक की भूमिका भी निभा सकते हैं और CBG तथा अन्य जैव-ऊर्जा परियोजनाओं से आय अर्जित कर सकते हैं।
एथेनॉल, SAF और जैविक खाद में भी संभावनाएं
गडकरी ने एथेनॉल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और जैविक खाद के क्षेत्र में भी अवसरों की ओर ध्यान दिलाया।उन्होंने पानीपत में इंडियन ऑयल की उस परियोजना का उल्लेख किया, जिसमें धान की पराली का इस्तेमाल कर SAF तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने असम के नुमालीगढ़ में बांस आधारित इथेनॉल परियोजना का भी उदाहरण दिया। उन्होंने चीनी उद्योग से जुड़े संगठनों से आग्रह किया कि, वे ऐसी तकनीकों पर अनुसंधान और कार्यशालाएं आयोजित करें, जिनसे बायोमास की उत्पादकता बढ़ाई जा सके और कृषि संसाधनों से बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके।
AI और सैटेलाइट तकनीक से बढ़ सकती है खेती की उत्पादकता
गडकरी ने कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सैटेलाइट आधारित तकनीक की संभावनाओं पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि, किसान सैटेलाइट इमेजरी और AI आधारित प्रणालियों का इस्तेमाल गन्ने की फसल की निगरानी, संभावित बीमारी के प्रकोप की पहचान और पानी की जरूरत का आकलन करने के लिए कर सकते हैं। उनके अनुसार, ऐसी तकनीक से उर्वरक और दवाओं पर होने वाला खर्च कम, पानी के उपयोग की दक्षता बेहतर और कृषि उत्पादकता में संभावित वृद्धि हो सकती है। उन्होंने मोम (Wax) का भी उदाहरण दिया और कहा कि चीनी उद्योग के उप-उत्पादों से अधिक मूल्य वाले उत्पाद विकसित किए जा सकते हैं।
कचरे को आर्थिक संसाधन के रूप में देखने की जरूरत
गडकरी ने कहा कि, कचरे को केवल निपटाने वाली वस्तु के रूप में नहीं, बल्कि आर्थिक संसाधन के रूप में देखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि, नगर निकायों के कचरे और कृषि अवशेषों को CBG तथा अन्य ईंधनों में बदलने से भारत की आयातित जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है। गडकरी ने चीनी मिलों से आग्रह किया कि उन्हें धीरे-धीरे चीनी के साथ-साथ उप-उत्पादों पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि मिलें चीनी के अलावा एथेनॉल सहित कई अन्य उत्पाद विकसित कर सकती हैं। उन्होंने उद्योग से भविष्य की तकनीकों को अपनाने, नवाचार, उद्यमिता, विज्ञान, अनुसंधान और तकनीक पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया, ताकि ज्ञान और कचरे को आर्थिक संपदा में बदला जा सके।



















गडकरी जी अब आप भी वेश्विक बाजार पर बातचीत कर रहे हैं जबकि ऐसा लगता नहीं है कि सरकार कहीं न कहीं नितियां विदेश नीति पूर्ण रूप से चरमरा गई है अन्यथा आपका महंगाई का ग्राफ नहीं चढ़ता महंगाई दर तो आप की सरकार में 20 गुना ज्यादा बढ़ गई है भाव के साथ साथ कंपनीयों ने वजन कम कर दिया है और भाव भी बढ़ा दिया है जेसे 1000 मि ली को 200 मि ली कम कर 800 मि ली कर दिया है, और उर्वरक में भी ऐसा ही है भाव भी बड़ा दिया है वजन 50 किलो से 45 कीलो कर दिया है इसी प्रकार सभी में है