श्रीलंका में चीनी संकट की आशंका, दूध पाउडर समेत जरूरी खाद्य वस्तुएं हो सकती हैं महंगी

कोलंबो : श्रीलंका में चीनी की आपूर्ति और कीमतों को लेकर बड़ा संकट पैदा होने की आशंका जताई गई है। साथ ही आयातित दूध पाउडर और अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। यह चेतावनी एसेंशियल फूड इंपोर्टर्स एसोसिएशन ने जारी की है। एसोसिएशन के प्रवक्ता ने बताया कि, भारत द्वारा 15 मई से 30 सितंबर तक चीनी निर्यात अस्थायी रूप से रोकने के फैसले के बाद श्रीलंका के आयातक अब ब्राजील, थाईलैंड और कई यूरोपीय देशों से चीनी मंगाने के विकल्प तलाश रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, श्रीलंका अब तक भारतीय चीनी आयात पर काफी निर्भर था, लेकिन अचानक निर्यात बंद होने से नए सप्लायर खोजने की स्थिति पैदा हो गई है। इससे आने वाले महीनों में चीनी की कीमतें बढ़ने और संभावित कमी की आशंका बढ़ गई है। एसोसिएशन के अनुसार, ब्राजील से चीनी आयात के ऑर्डर पहले ही दिए जा चुके हैं, लेकिन लंबी समुद्री दूरी और लॉजिस्टिक देरी के कारण खेप पहुंचने में कम से कम दो महीने लग सकते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रवक्ता ने कहा कि, भारत ने रिफाइंड चीनी के निर्यात पर रोक नहीं लगाई है, लेकिन इसकी कीमत सामान्य चीनी की तुलना में काफी अधिक है। इससे पहले से महंगाई का सामना कर रहे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि, श्रीलंकाई रुपये की अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोरी के कारण आयातित दूध पाउडर, दाल, डिब्बाबंद मछली, विभिन्न प्रकार के चावल और आयातित आलू जैसी कई जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि, यदि रुपया और कमजोर हुआ तो आयातकों को चीनी और अन्य खाद्य वस्तुओं के नए ऑर्डर के लिए विदेशी मुद्रा जुटाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, बढ़ती चिंताओं के बीच एसोसिएशन का दावा है कि फिलहाल देश में लगभग दो महीने की चीनी उपलब्ध है। इस घटनाक्रम के बाद श्रीलंका में खाद्य महंगाई की नई लहर की आशंका बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में चीनी के साथ-साथ कई जरूरी आयातित खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हो सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here