अंकुर बेधक एवं चोटी बेधक कीट से प्रभावी बचाव का यह उपयुक्त समय : गन्ना आयुक्त श्रीमती मिनिस्ती एस.

लखनऊ (उत्तर प्रदेश) : गन्ना विकास विभाग उ.प्र. द्वारा बताया गया है कि, वर्तमान में कुछ चीनी मिलों के क्षेत्र में गन्ने की फसल में अंकुर बेधक एवं चोटी बेधक कीट के प्रथम पीढ़ी का प्रकोप देखा जा रहा है। इन कीटों की पहचान के बारे में विस्तार से बताते हुये उन्होंने कहा कि, अंकुर बेधक कीट का प्रकोप अप्रैल से जून तक अधिक रहता है। इसकी सूड़ी पौधों के गोफ को खाती हुयी नीचे की ओर जाती है जिसके कारण बीच की गोफ सूख जाती है तथा खीचने पर आसानी से निकल जाती है। इसके नियन्त्रण के लिए प्रभावित पौधों को सूड़ी एवं प्यूपा सहित जमीन की सतह से काटकर नष्ट कर दें। गर्मी के दिनों में खेत की कम अन्तराल पर सिंचाई कर गुड़ाई करें।

गन्ना एवं चीनी आयुक्त मिनिस्ती एस.ने आगे कहा, बुवाई के 45 दिन पश्चात प्रति हेक्टेयर की दर से फिप्रोनिल 40 प्रतिशत इमिडाक्लोप्रिड 40 प्रतिशत डब्लू जी की 500 ग्राम मात्रा अथवा क्लोरेन्ट्रनिलिप्रोल 8 प्रतिशत थायोमेथाक्सम 17.5 प्रतिशत की 600 ग्राम मात्रा को प्रति हे. की दर से 1000 ली. पानी के साथ मिलाकर ट्रेचिंग के पश्चात सिंचाई करें। उन्होंने बताया कि चोटी बेधक कीट के मादा शलम चाँदी जैसे सफेद रंग की होती है तथा पीछे की ओर नारंगी रंग की रोयेदार संरचना पायी जाती है।यह रात्रि में गन्ने की पत्तियों के मध्य शिरा के पास 75 से 250 अण्डों के समूह में अण्डे देती है जो एक-दूसरे पर चढ़े हुये (ओवरलैप) तथा भूरे रंग के रोये से ढके रहते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा, इस कीट की सूड़ी हल्के पीले रंग की होती है जोकि पत्ती की मध्य शिरा से होते हुये अगोले तक पहुँच जाती है तथा अगोले की बिना खुली हुयी पत्तियों को खाती है जिससे अगोले की पत्तियों पर गोल छरें जैसे निशान दिखाई पड़ते है। सूंडी द्वारा गन्ने के गोफ को खा जाने से उसमें सड़न हो जाती है तथा उसके नीचे की आँखों से फुटाव हो जाता है फलस्वरूप शीर्ष भाग में मृतसार (डेड हर्ट) एवं बंचीटाप (झाड़ीनुमा संरचना) बन जाता है।उन्होंने कहा कि, इस कीट की तीसरी पीढ़ी सर्वाधिक नुकसान पहुँचाती है जो जून के तीसरे सप्ताह में आती है और इस समय के अण्ड समूहों एवं सूंडियों को एकत्र करके नष्ट कर देने से इस कीट की सूंडी गन्ने के गोफ में नहीं घुस पाती है तथा अगली पीढ़ी से होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि, गन्ना किसान इस कीट के नियन्त्रण हेतु चोटी बेधक कीट की प्रथम एवं द्वितीय पीढ़ी के अण्ड समूह को नष्ट कर दें तथा प्रभावित पौधों में मृतसार (डेड हर्ट) बनने पर पौधों को जमीन की सतह से सूडी/प्यूपा सहित काटकर नष्ट कर दें। द्वितीय एवं तृतीय पीढ़ी से बचाव हेतु अप्रैल के अन्तिम सप्ताह अथवा मई के अन्तिम सप्ताह में क्लोरेन्ट्रेनिलिप्रोल 18.5 एस.सी. 150 एम.एल. 400 ली. पानी में घोल बनाकर प्रति एकड़ की दर से खेत में नमी की स्थिति में गन्ने की लाइनों में जड़ों के पास ड्रेन्चिंग करें और इसकी उपलब्धता न होने पर वर्टागो या फरटेरा का भी उपयोग किया जा सकता है।

इस कीट के जैविक नियन्त्रण हेतु अण्ड परजीवी ट्राइकोग्रामा जापोनिकम की 50000 वयस्क प्रति हेक्टेयर की दर से जून के अन्तिम सप्ताह से 15 दिन के अन्तराल पर लगाये जाने से यह चोटी बेधक के अण्डों को नष्ट कर देता है तथा फसल चोटी बेधक के प्रकोप से बच जाता है। गन्ने के खेतों में 20-30 मी. की दूरी पर 10 फैरोमोन ट्रेप प्रति एकड़ की दर से अंकुर/चोटी बेधक के ल्यूर के साथ ट्रेप में पानी व कैरोसिन / डीजल ऑयल डालकर स्थापित करें। गन्ना विभाग ने बताया कि इस कीट से बचाव हेतु विस्तृत एडवाइजरी गन्ना शोध परिषद एवं गन्ना विकास विभाग द्वारा जारी की गयी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here