मेरठ (उत्तर प्रदेश) : क्षेत्र में गन्ने की फसल पर इन दिनों चोटी बेधक और ब्लैक बग कीट का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन कीटों के कारण फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कृषि विशेषज्ञों ने इस मौसम में किसानों को समय रहते बचाव उपाय अपनाने की सलाह दी है। गांव शाहपुर में बृहस्पतिवार को आयोजित किसानों की बैठक में कृषि विशेषज्ञ ठाकुर मुकेश सिंह ने बताया कि चोटी बेधक की रोकथाम के लिए कार्टाप 4जी का 7 से 10 किलोग्राम प्रति एकड़ की मात्रा में पर्याप्त नमी वाली मिट्टी में प्रयोग करें।
इसके विकल्प के रूप में क्लोरोनिलिप्रोल 8 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से भी अच्छी नमी में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ब्लैक बग कीट से बचाव के लिए एमिडा 17.8 एसएल की 100 मिलीलीटर दवा को 125 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें। इसके अलावा बायफेंथ्रिन दवा 250 मिलीलीटर मात्रा में पानी में मिलाकर छिड़काव करने से भी कीट नियंत्रण में मदद मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से समय पर निगरानी और उचित दवा के प्रयोग की अपील की है, ताकि गन्ने की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।


















