केन्या द्वारा आयातित चीनी पर 300% से अधिक उत्पाद शुल्क बढ़ाने का युगांडा ने किया विरोध, व्यापार प्रभावित होने की आशंका

नैरोबी / कंपाला : युगांडा के चीनी उद्योग ने केन्या सरकार द्वारा आयातित चीनी पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में 300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि किए जाने का कड़ा विरोध किया है। उद्योग का कहना है कि, इस फैसले से युगांडा के सबसे बड़े निर्यात क्षेत्रों में से एक को भारी नुकसान होगा और पूर्वी अफ्रीकी समुदाय (ईएसी) के तहत वर्षों से विकसित मुक्त व्यापार व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। युगांडा शुगर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (यूएसएमए) ने देश के व्यापार मंत्रालय और पूर्वी अफ्रीकी समुदाय मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने आग्रह किया है कि 1 जुलाई से नया कर लागू होने से पहले केन्या से इस मुद्दे पर बातचीत की जाए।

केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो द्वारा हाल ही में हस्ताक्षरित वित्त अधिनियम, 2026 के तहत आयातित चीनी पर उत्पाद शुल्क 7,500 केन्याई शिलिंग प्रति टन से बढ़ाकर 40,000 केन्याई शिलिंग प्रति टन कर दिया गया है। युगांडा के चीनी उत्पादकों का कहना है कि, पांच गुना से अधिक की यह बढ़ोतरी उनके उत्पादों को केन्या के बाजार में प्रतिस्पर्धा से बाहर कर देगी।यूएसएमए के अध्यक्ष जिम म्विने काबेहो ने कहा कि, यह निर्णय न केवल युगांडा के चीनी निर्यात को प्रभावित करेगा, बल्कि पूर्वी अफ्रीकी समुदाय के मुक्त व्यापार सिद्धांतों के भी विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्या घरेलू कर के नाम पर गैर-शुल्कीय व्यापार बाधाएं (नॉन-टैरिफ बैरियर) खड़ी कर रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

केन्या, युगांडा की चीनी का सबसे बड़ा क्षेत्रीय बाजार है और हर वर्ष लगभग एक लाख टन चीनी का आयात करता है। उद्योग को आशंका है कि नए कर के कारण मांग में भारी गिरावट आएगी, जिससे चीनी मिलों के पास अतिरिक्त स्टॉक जमा होगा, राजस्व घटेगा और निर्यात आय प्रभावित होगी। युगांडा के लिए इसका प्रभाव केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा। चीनी उद्योग देश के सबसे बड़े कृषि-आधारित उद्योगों में शामिल है, जो हजारों गन्ना किसानों को बाजार उपलब्ध कराता है, बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार देता है तथा विदेशी मुद्रा अर्जित करने का महत्वपूर्ण स्रोत है। उद्योग का कहना है कि यदि केन्या का बाजार कमजोर हुआ तो मिलों को उत्पादन घटाना पड़ सकता है, गन्ने के दाम प्रभावित होंगे, निवेश धीमा पड़ेगा और रोजगार पर भी असर पड़ेगा।

यह विवाद दोनों देशों के बीच चीनी व्यापार को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को फिर से सामने ले आया है। वर्ष 2011 में केन्या ने घरेलू कमी को पूरा करने के लिए युगांडा से शुल्क-मुक्त चीनी आयात की अनुमति दी थी। बाद में केन्या ने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी अन्य देशों की चीनी को युगांडा की चीनी बताकर शुल्क-मुक्त निर्यात कर रहे हैं। इसके बाद वर्ष 2014 में युगांडा की चीनी पर प्रतिबंध लगाए गए, जो बाद में दूध, मक्का और अंडों जैसे अन्य उत्पादों तक भी बढ़ गए।दोनों देशों ने समय-समय पर द्विपक्षीय वार्ता और पूर्वी अफ्रीकी समुदाय के मंचों के माध्यम से व्यापारिक बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया है। अगस्त 2025 में दोनों देशों के व्यापार मंत्रियों ने सहमति जताई थी कि युगांडा और केन्या के मूल उत्पादों को आयात नहीं बल्कि अंतर-क्षेत्रीय हस्तांतरण माना जाएगा। वहीं, मार्च 2026 में अरूशा में आयोजित ईएसी शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने 30 जून 2026 तक सभी शुल्कीय और गैर-शुल्कीय बाधाओं को समाप्त करने का संकल्प लिया था।

युगांडा के व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय ने बताया कि, इस मुद्दे से राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी को अवगत करा दिया गया है। व्यापार मंत्री संजय ताना ने अपने केन्याई समकक्ष को पत्र लिखकर तत्काल वार्ता का अनुरोध किया है। मंत्रालय का कहना है कि विवाद का समाधान प्रतिशोधात्मक कदमों के बजाय द्विपक्षीय वार्ता और ईएसी की व्यवस्था के माध्यम से किया जाएगा।दूसरी ओर, केन्या सरकार का कहना है कि यह कर वृद्धि उसके घरेलू चीनी उद्योग की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। राष्ट्रपति विलियम रूटो के अनुसार, इससे देश की 17 संचालित चीनी मिलों, लगभग 20 लाख किसानों और इस क्षेत्र पर निर्भर करीब एक करोड़ लोगों के हितों की रक्षा होगी।

युगांडा के उद्योग प्रतिनिधियों ने माना कि केन्या को अपने किसानों और उद्योग की सुरक्षा का अधिकार है, लेकिन यह कदम क्षेत्रीय व्यापार समझौतों की भावना के अनुरूप होना चाहिए। मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और युगांडा शुगर काउंसिल के सदस्य आशीष मोनपरा ने कहा कि अधिक कर से केन्या में चीनी की कीमतें बढ़ सकती हैं, मांग घट सकती है और दोनों देशों के चीनी उद्योग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।आर्थिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में केन्या ने युगांडा को लगभग 95.1 करोड़ डॉलर के सामान का निर्यात किया, जबकि युगांडा ने केन्या को करीब 52.7 करोड़ डॉलर मूल्य के उत्पाद निर्यात किए। दोनों देश एक-दूसरे के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here