कीव : यूक्रेन ने विपणन वर्ष 2025-26 के पहले आठ महीनों में यूरोपीय संघ (EU) को चीनी निर्यात करने वाले देशों में तीसरा स्थान हासिल किया है। यह जानकारी यूरोपीय आयोग (European Commission) के आंकड़ों के हवाले से यूक्रेन की चीनी उद्योग संस्था उक्रशुगर (Ukrsugar) ने दी है। आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2025 से मई 2026 के बीच यूरोपीय संघ द्वारा आयात की गई कुल चीनी में यूक्रेन की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत रही। इस अवधि में यूरोपीय संघ ने कुल 6.28 लाख टन चीनी का आयात किया।
यूरोपीय संघ को चीनी आपूर्ति करने वाले देशों में दक्षिण अफ्रीका पहले स्थान पर रहा, जिसकी हिस्सेदारी 16 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं मॉरीशस 12 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि यूक्रेन तीसरे स्थान पर पहुंच गया।हालांकि, इन आंकड़ों में इनवर्ड प्रोसेसिंग रिलीफ (IPR) योजना के तहत होने वाले आयात को शामिल नहीं किया गया है। यूरोपीय आयोग के अनुसार, इसी अवधि में IPR योजना के तहत लगभग 5 लाख टन अतिरिक्त चीनी का आयात किया गया।


















