कीव: विपणन वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में यूक्रेन के चीनी उत्पादकों ने अपने निर्यात बाजारों की रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। इस दौरान मध्य पूर्व के देशों ने यूक्रेनी चीनी के सबसे बड़े खरीदार के रूप में उभरकर कुल निर्यात का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा खरीदा। सितंबर से मई के बीच यूक्रेन ने कुल 5.04 लाख टन चीनी का निर्यात किया।प्रमुख निर्यात गंतव्यों में लेबनान सबसे आगे रहा, जिसने कुल निर्यात का 21 प्रतिशत खरीदा। इसके बाद यूरोपीय संघ के देशों का हिस्सा 18 प्रतिशत, सीरिया का 14 प्रतिशत और उज़्बेकिस्तान का 12 प्रतिशत रहा।
विशेषज्ञों का मानना है कि, यह आंकड़े यूक्रेन की निर्यात नीति में बड़े बदलाव को दर्शाते हैं। चीनी उत्पादक अब मध्य पूर्व के देशों के साथ व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ नए और संभावनाशील बाजारों में भी अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहे हैं। हालांकि, बढ़ती निर्यात मांग के बीच चीनी उद्योग के सामने एक नई चुनौती भी खड़ी हो गई है। इस वर्ष यूक्रेन में चुकंदर की बुवाई का क्षेत्रफल स्वतंत्रता के बाद के इतिहास में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। मई में समाप्त हुए बुवाई अभियान के अनुसार इस वर्ष केवल 1.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में चुकंदर की खेती की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत कम है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि, खेती के क्षेत्र में यह तेज गिरावट आने वाले वर्षों में चीनी उत्पादन की स्थिरता के लिए चिंता का विषय बन सकती है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा में वृद्धि और बदलती उपभोक्ता मांग के बीच उत्पादन में कमी उद्योग पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है। इस बीच वैश्विक स्तर पर भी चीनी की खपत की वृद्धि दर धीमी पड़ती दिखाई दे रही है।दुबई में आयोजित एक उद्योग सम्मेलन में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026-27 में विश्व चीनी खपत में केवल 0.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। विशेषज्ञ इसे “नई सामान्य स्थिति” बता रहे हैं, जबकि पहले कई वर्षों तक चीनी की मांग औसतन 2 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से बढ़ती रही थी।
पिछले 50 वर्षों में वैश्विक चीनी खपत लगभग दोगुनी हो चुकी है, लेकिन अब वृद्धि की रफ्तार कम हो रही है। इसका प्रमुख कारण विकसित देशों में चीनी के सेवन में हो रही कमी को माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय चीनी संगठन के अनुसार पिछले दो वर्षों में पश्चिमी यूरोप में चीनी की खपत 6.7 प्रतिशत और अमेरिका में 4.4 प्रतिशत घट गई है। विश्लेषकों का मानना है कि बदलती उपभोक्ता आदतें और स्वास्थ्य जागरूकता इसके प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, एशिया और ब्राजील जैसे प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में मौसम संबंधी जोखिमों के साथ-साथ खपत में बदलाव भी वैश्विक चीनी उत्पादन और व्यापार के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।


















