नवाबगंज: ओसवाल चीनी मिल की 22 अक्टूबर को प्रस्तावित नीलामी की प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है। मिल प्रबंधन ने नीलामी के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। अब अदालत के फैसले के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, तहसील नवाबगंज के औरंगाबाद गांव में स्थित ओसवाल चीनी मिल पर क्षेत्र के गन्ना किसानों का पिछले दो वर्षों का करीब 74 करोड़ रुपये बकाया है। किसानों को भुगतान नहीं किए जाने के कारण तहसील प्रशासन ने मिल में तालाबंदी कर दी थी। इसके साथ ही मिल की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई। बकाया भुगतान की मांग को लेकर गन्ना किसानों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चीनी मिल के खिलाफ वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) जारी किया। आरसी जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने 22 अक्टूबर को मिल की नीलामी की तारीख निर्धारित की थी।
नीलामी की कार्रवाई के खिलाफ मिल प्रबंधन ने हाईकोर्ट का रुख किया है। मिल के अधिवक्ता की ओर से दायर रिट याचिका में आरोप लगाया गया है कि, चीनी मिल का मूल्यांकन वास्तविक मूल्य से कम आंका गया है। एसडीएम सचिन यादव ने बताया कि गुरुवार को मिल प्रबंधन की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। जिला गन्ना अधिकारी भी हाईकोर्ट गए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्णय के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल, गन्ना किसानों के करीब 74 करोड़ रुपये के बकाये और चीनी मिल की नीलामी को लेकर आगे की कार्रवाई हाईकोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगी।


















