बरेली : जिले की बहेड़ी और नवाबगंज स्थित चीनी मिलें अब गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, इन मिलों के बंद होने या नीलाम होने की स्थिति में करीब 80 हजार किसान परिवार और लगभग 1,650 कर्मचारी परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ सकता है। किसानों का करोड़ों रुपये का गन्ना मूल्य बकाया है, जबकि मिलों की संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि, यदि सरकार बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराए और इन मिलों के संचालन की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले, तो हजारों परिवारों को आर्थिक संकट से बचाया जा सकता है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस दिशा में अब तक ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
बहेड़ी की केसर चीनी मिल पर 146 करोड़ रुपये बकाया
बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1933 में किलाचंद समूह ने कराई थी। यह क्षेत्र की सबसे पुरानी और प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में शामिल रही है। शुरुआती दौर में मिल की पेराई क्षमता 800 टन प्रतिदिन थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7,200 टन प्रतिदिन कर दिया गया।मिल में चीनी उत्पादन के साथ-साथ शीरा और खोई जैसे उप-उत्पादों का भी उपयोग होता रहा है। परिसर में डिस्टिलरी और खोई आधारित को-जनरेशन पावर प्लांट भी संचालित किए जाते हैं।
किसानों का करीब 146 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया होने के बाद मिल प्रबंधन और किसानों के बीच तनाव बढ़ गया। भुगतान के लिए मिल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई और आरसी जारी होने के बाद संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई। 31 मई को तहसील प्रशासन ने केसर चीनी मिल की 11.447 हेक्टेयर भूमि 28.05 करोड़ रुपये में नीलाम की थी। इस नीलामी को लेकर किसानों और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति को कम कीमत पर बेचने का प्रयास किया गया।
इसके बाद गन्ना समिति बोर्ड ने पुरानी नीलामी रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। प्रशासन ने बाद में अधिक बोली लगाने वालों को आमंत्रित किया और नए खरीदारों से डिमांड ड्राफ्ट जमा कराए गए। अब एक अगस्त को नया सर्किल रेट जारी होने के बाद दोबारा नीलामी की तैयारी की जा रही है।हालांकि, किसानों का आरोप है कि मिल को बचाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
नवाबगंज की ओसवाल चीनी मिल भी संकट में
नवाबगंज स्थित ओसवाल चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1996 में हुई थी। इसके लिए पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने भी महत्वपूर्ण प्रयास किए थे। मिल की पेराई क्षमता 300 टन प्रतिदिन है।मिल के संचालन से क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और गन्ने का रकबा भी बढ़ा। करीब 40 हजार किसान परिवार इस मिल से जुड़े रहे हैं। मिल में 50 स्थायी कर्मचारियों के अलावा लगभग 300 सीजनल कर्मचारी भी कार्यरत रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में मिल की आर्थिक स्थिति खराब होती गई और किसानों का करीब 55 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया हो गया। प्राथमिकी और आरसी जारी होने के बावजूद भुगतान नहीं हो सका, जिसके बाद मिल की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बीते पेराई सत्र में शासन की ओर से इस मिल को गन्ना आवंटित नहीं किया गया। अब मिल बंद होने की कगार पर है। मूल्यांकन के लिए महाराष्ट्र के पुणे से तकनीकी टीम भी बुलाई गई है।
मिलें बंद हुईं तो किसानों और कर्मचारियों पर गहराएगा संकट
किसानों का कहना है कि यदि मिल बंद करनी होती तो वे स्वयं गन्ने की आपूर्ति रोक सकते थे। उनका कहना है कि सरकार को पहले किसानों के बकाया भुगतान का समाधान करना चाहिए और इसके बाद क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों के केंद्र रही इन चीनी मिलों को सरकारी सहायता देकर बचाने का प्रयास करना चाहिए। चौधरी ओमवीर सिंह (निदेशक, गन्ना समिति बहेड़ी) ने कहा कि, किसानों के भुगतान और मिल को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। मिल बंद होने से हजारों परिवार प्रभावित होंगे। वहीं केसर चीनी मिल बहेड़ी के अध्यक्ष शरत मिश्र ने कहा कि, मिल को बंद होने से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों के भुगतान के लिए भी प्रयास जारी हैं, हालांकि अभी तक अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। उन्होंने माना कि मिल इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रही है।


















