मोदीनगर: गन्ना भुगतान और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर मोदीनगर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर पहुंचे किसानों ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। किसानों का आरोप है कि मोदी शुगर मिल का पेराई सत्र कई महीने पहले समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक उन्हें गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान में देरी के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की मांग की।
किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उनका कहना है कि आवारा पशु खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है। उन्होंने प्रशासन से आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की। भाकियू (भानु) के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर तहसील का घेराव कर आंदोलन करेंगे। इस दौरान नायब तहसीलदार ने किसानों को उनकी समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


















