हापुड़: 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र को लेकर किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। किसानों ने चीनी मिलों से गन्ने का भुगतान निर्धारित समय के भीतर करने और आगामी पेराई सत्र 15 अक्टूबर तक शुरू करने पर भी जोर दिया।मंडी परिसर में सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं और प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई।बैठक में सभापति कुणाल चौधरी ने सिम्भावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों को वर्ष 2025-26 के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान 15 प्रतिशत ब्याज सहित तत्काल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, किसानों को अपने गन्ने के भुगतान के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र में किसानों को 14 दिनों के भीतर गन्ने का भुगतान करने वाली चीनी मिलों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, भुगतान में लापरवाही बरतने वाली मिलों के गन्ना क्षेत्र को काटकर दूसरी चीनी मिलों को आवंटित करने की बात कही गई।बैठक में आगामी पेराई सत्र 15 अक्टूबर तक शुरू करने पर भी जोर दिया गया। किसानों को रोगमुक्त गन्ने का बीज सब्सिडी पर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि गन्ने की उत्पादकता और उत्पादन में वृद्धि हो सके।बैठक में भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रायसिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


















