बिजनौर: नूरपुर क्षेत्र के हसुपुरा और चांगीपुर गांवों में बुधवार को ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे-सट्टा प्रदर्शन एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान मुरादाबाद के उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने गन्ना सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर सर्वेक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। गोष्ठी के दौरान किसानों को 63 बिंदुओं पर प्रदर्शित सूचनाओं की जानकारी दी गई। उप गन्ना आयुक्त ने प्रत्येक बिंदु को विस्तार से समझाया और सर्वेक्षण में सामने आई त्रुटियों को मौके पर ही ठीक कराकर किसानों की शिकायतों का निस्तारण कराया।
किसानों को उनकी कुल कृषि योग्य भूमि, पेड़ी क्षेत्रफल, पौधा क्षेत्रफल, बेसिक कोटा और 85 प्रतिशत आपूर्ति समेत अन्य महत्वपूर्ण विवरण दिखाए गए। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे प्रदर्शित जानकारी को ध्यानपूर्वक जांच लें। किसी भी त्रुटि या संशोधन की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित गन्ना विकास परिषद, राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक या चीनी मिल के सुपरवाइजर से संपर्क करें, ताकि भविष्य में गन्ना आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में किसानों को नए सदस्य और वारिस सदस्य बनने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही गन्ने की बेहतर पैदावार के लिए उन्नत कृषि तकनीक, संतुलित पोषण, समयबद्ध कृषि कार्यों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों के बारे में बताया गया। किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सुरक्षा बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक चांदपुर, सहकारी गन्ना विकास समिति नूरपुर के सचिव प्रदीप शर्मा, चांगीपुर मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) राहुल चौधरी, मुख्य गन्ना प्रबंधक इंद्रवीर सिंह, राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक गौरव कुमार और सतीश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मिल अधिकारी सरूर आलम जैदी, राजवीर सिंह, प्रशांत कुमार, अमित मलिक, चीनी मिल के सुपरवाइजर और 50 से अधिक किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए। किसानों ने 63 कॉलम में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन किया और संबंधित अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए।


















