उत्तर प्रदेश : दूसरे जिलों में गन्ना ट्रांसफर होने से किसानों में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

हापुड़ : बृजनाथपुर शुगर मिल प्रबंधन के खिलाफ किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त एनसीआर अध्यक्ष युवा एकलव्य सिंह सहारा के नेतृत्व में मिल प्रबंधन से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं उठाईं। किसानों ने कहा कि, हापुड़ जिले की सभी शुगर मिलों को यह समझना होगा कि किसान पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में गन्ने को दूसरे जिलों में स्थानांतरित किए जाने से किसानों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, बृजनाथपुर और सिंभावली शुगर मिल का करीब 70 लाख क्विंटल गन्ना दूसरे जिलों में भेज दिया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

एकलव्य सिंह सहारा ने कहा कि किसानों को कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाओं से कोई मतलब नहीं है। किसान सिर्फ इतना जानता है कि उसका गन्ना जिस मिल में जाता है, वहां से उसे समय पर भुगतान और सुविधा मिलनी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार और प्रशासन की भ्रामक नीतियों का सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जिसे गन्ना बेल्ट कहा जाता है, वहां किसान अब गन्ने की खेती कम करने लगे हैं क्योंकि उन्हें समय पर भुगतान और बेहतर व्यवस्था नहीं मिल रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने चेतावनी दी कि, इस मुद्दे पर गांव-गांव जाकर किसानों से बातचीत की जाएगी और जल्द ही आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। किसानों ने यह भी कहा कि, आर्थिक तंगी के कारण कई किसान अपने बच्चों की स्कूल और कॉलेज फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं, जबकि प्रवेश का समय चल रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। बैठक में भवेंद्र सिसोदिया, विनय बाना, ललित चौधरी, मनिंदर मसंद, शेखर चौधरी, डॉ. मतलूब, सूरजवीर सिंह, अनिल चौधरी, विनोद धारीवाल, सुनील टाइगर और गौरव चट्ठा सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here