लखीमपुर खीरी: प्रस्तावित गन्ना नियंत्रण आदेश 2026 में चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र को 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 25 किलोमीटर करने के प्रस्ताव को लेकर किसानों में नाराज़गी बढ़ गई है। राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा है कि, इससे गन्ना किसानों के हित प्रभावित होंगे और उन्हें अपनी फसल बेचने के विकल्प कम हो जाएंगे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि, किसानों के हितों की रक्षा के लिए लागू गन्ना नियंत्रण आदेश 1966 को खत्म कर सरकार नया गन्ना नियंत्रण आदेश 2026 लाने की तैयारी कर रही है, जो चीनी मिलों के पक्ष में और किसानों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो देशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
संगठन ने सरकार को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। इसमें कहा गया है कि, वर्तमान गन्ना नियंत्रण आदेश के तहत चीनी मिलों को किसानों का भुगतान 14 दिनों के भीतर करना होता है। यदि भुगतान में देरी होती है तो किसानों को 15 प्रतिशत ब्याज देने का प्रावधान है, लेकिन किसानों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है। किसान संगठन ने मांग की है कि, जिन चीनी मिलों ने ब्याज सहित भुगतान नहीं किया है, उनके मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही संगठन ने चीनी मिलों के दायरे को 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 25 किलोमीटर करने के प्रस्ताव का भी विरोध जताया है। किसानों का कहना है कि यदि ऐसा हुआ तो उन्हें मजबूरी में उसी चीनी मिल को गन्ना बेचना पड़ेगा, जो भुगतान में देरी करती है, क्योंकि आसपास खांडसारी उद्योगों के विकल्प कम हो जाएंगे।
किसानों ने मांग की है कि उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी चीनी मिल में गन्ना बेचने और आपूर्ति करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने सरकार के उस प्रस्ताव पर भी चिंता जताई जिसमें खांडसारी उद्योगों को केवल सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित करने और सरकार द्वारा तय गन्ना मूल्य से अधिक भुगतान न करने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि, यह फैसला खांडसारी उद्योगों को कमजोर करने की कोशिश है, जिससे किसानों के सामने गन्ना बेचने के विकल्प और सीमित हो जाएंगे।


















