उत्तर प्रदेश : तीन चीनी मिलों पर किसानों का 44.67 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया

अमरोहा : जिले के गन्ना किसानों का तीन चीनी मिलों पर अब भी 44.67 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान बकाया है। इसमें सबसे बड़ी देनदारी धनौरा स्थित वेब शुगर मिल पर है, जिस पर किसानों का 39 करोड़ रुपये से अधिक भुगतान लंबित है। इसके अलावा बेलवाड़ा की राणा शुगर मिल पर करीब चार करोड़ रुपये और शाहबाद की करीमगंज शुगर मिल पर 1.67 करोड़ रुपये बकाया हैं। गन्ना विभाग ने संबंधित चीनी मिल प्रबंधन को जल्द से जल्द किसानों का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित मिलों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अमरोहा में 1.97 लाख हेक्टेयर में होती है गन्ने की खेती

ChiniMandi WhatsApp Channel

अमरोहा जिले में करीब 1.97 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ने की खेती होती है। यही वजह है कि अमरोहा को प्रमुख गन्ना बेल्ट के रूप में जाना जाता है।जिले के करीब 1.32 लाख किसान प्रत्येक पेराई सत्र में मुरादाबाद मंडल की 10 चीनी मिलों को गन्ने की आपूर्ति करते हैं। इनमें धनौरा, हसनपुर, चंदनपुर, असमोली, बेलवाड़ा, धामपुर, स्योहारा, करीमगंज, चांगीपुर और अगवानपुर की चीनी मिलें शामिल हैं।इनमें से सात चीनी मिलें किसानों के गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान कर चुकी हैं और रकम किसानों के बैंक खातों में पहुंच चुकी है। हालांकि, तीन चीनी मिलों पर अभी भी करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है।

वेब शुगर मिल 31 जुलाई तक करेगी पूरा भुगतान

डीसीओ मनोज कुमार के अनुसार, धनौरा की वेब शुगर मिल पर करीब 39 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। मिल प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि करीब 12 करोड़ रुपये एक-दो दिन में किसानों के बैंक खातों में भेज दिए जाएंगे, जबकि शेष 27 करोड़ रुपये का भुगतान 31 जुलाई तक पूरा करने का दावा किया गया है। वहीं, अन्य दोनों चीनी मिलों से भी अगस्त के पहले सप्ताह तक किसानों का बकाया भुगतान किए जाने की उम्मीद है। डीसीओ ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गन्ना सट्टा सर्वेक्षण का प्रदर्शन शुरू

नए पेराई सत्र की तैयारियों के तहत जिले में गन्ना सट्टा सर्वेक्षण का प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 88 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन कर्मचारी शामिल हैं। ये टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को गन्ना सट्टा सर्वेक्षण की जानकारी दे रही हैं और सर्वेक्षण से संबंधित विवरण का प्रदर्शन कर किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रही हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here