शाहजहांपुर: गन्ना शोध परिषद में पिछले 75 दिनों के दौरान लगभग पांच हजार गन्ना किसानों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। निदेशक वी.के. शुक्ल ने बताया कि, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना था। प्रशिक्षण में कई जिलों के किसान शामिल हुए।
प्रदेशव्यापी प्रशिक्षण अभियान…
गन्ना उत्पादन को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और वैज्ञानिक बनाने के लिए परिषद ने प्रदेशव्यापी प्रशिक्षण अभियान शुरू किया। इस पहल के तहत करीब 5000 किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने का रोडमैप तैयार किया गया, ताकि उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी सुधार हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को गन्ने की नवीन एवं उन्नत प्रजातियों, मृदा परीक्षण के महत्व, संतुलित खाद एवं उर्वरक प्रबंधन, उन्नत शस्य तकनीक, बसंतकालीन गन्ने के साथ अंतः फसली खेती तथा सिंगल बेड तकनीक की जानकारी दी गई। साथ ही गन्ने की प्रमुख बीमारियों और कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


















