मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के प्रमुख गन्ना उत्पादक जिले मुजफ्फरनगर के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। अपनी गुणवत्ता, शुद्धता और विशिष्ट स्वाद के लिए प्रसिद्ध मुजफ्फरनगर के गुड़ को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्रदान किया गया है। इस मान्यता के साथ अब यह उत्पाद राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत चयनित मुजफ्फरनगर का गुड़ लंबे समय से अपनी दानेदार बनावट और प्राकृतिक मिठास के लिए जाना जाता रहा है। जीआई टैग मिलने से अब इसकी विशिष्टता को कानूनी संरक्षण मिल गया है, जिससे इसकी प्रामाणिकता सुनिश्चित होगी और नकली उत्पादों पर रोक लग सकेगी।
उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब केवल वही उत्पादक अपने उत्पाद को “मुजफ्फरनगर का गुड़” नाम से बेच सकेंगे, जो जिले में उत्पादित गन्ने और पारंपरिक विधियों से तैयार किए गए गुड़ का उत्पादन करते हैं। इससे स्थानीय उत्पादकों और व्यापारियों को विशेष अधिकार प्राप्त होंगे तथा बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत होगी।विशेषज्ञों का मानना है कि, जीआई टैग मिलने के बाद खाड़ी देशों और यूरोपीय बाजारों में मुजफ्फरनगर के गुड़ की मांग बढ़ने की संभावना है। इससे निर्यात के नए अवसर खुलेंगे और गन्ना किसानों के साथ-साथ गुड़ उद्योग से जुड़े हजारों लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि, नाबार्ड के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 77 विशिष्ट उत्पादों को अब तक जीआई टैग प्राप्त हो चुका है। इस सूची में शामिल होकर मुजफ्फरनगर का गुड़ राज्य की कृषि विरासत और पारंपरिक उत्पादों की पहचान को और मजबूत करेगा। जीआई टैग मिलने के बाद गुड़ की आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उत्पादकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आधुनिक उपकरण, पैकेजिंग प्रशिक्षण और बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन और उद्योग विभाग ने सभी गुड़ उत्पादकों, कोल्हू संचालकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द जीआई टैग के तहत अपना पंजीकरण कराएं। पंजीकृत उत्पादक ही अपने उत्पादों पर आधिकारिक जीआई लोगो का उपयोग कर सकेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को असली और नकली उत्पाद की पहचान करने में सुविधा होगी।


















