शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद की नई गन्ना किस्मों के सिंगल बड मिनी सीड किट के लिए ऑनलाइन बुकिंग 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। किसान गन्ना विभाग की वेबसाइट enquiry.caneup.in के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। मिनी सीड किट के लिए ऑफलाइन बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।
दो नई किस्मों के 3 लाख सिंगल बड उपलब्ध
परिषद के निदेशक अभिषेक आनंद ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि,इस वर्ष किसानों के लिए को.शा. 23232 के 2 लाख और को.शा. 19231 के 1 लाख सिंगल बड उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें से को.शा. 23232 किस्म को सितंबर 2026 में प्रदेश में खेती के लिए जारी किया गया है। परिषद को उम्मीद है कि इन नई किस्मों से किसानों को बेहतर उत्पादकता, अधिक शर्करा प्रतिशत तथा रोग और कीटों के प्रति बेहतर प्रतिरोध का लाभ मिल सकता है।
मिठास मेला-2026 में होगा बीज किट का वितरण
नोडल अधिकारी (बीज) डॉ. अजय तिवारी के अनुसार, अक्टूबर में प्रस्तावित मिठास मेला-2026 के दौरान किसानों को मिनी सीड किट वितरित किए जाएंगे।एक किसान अपने कृषक कोड से केवल एक बार ही ऑनलाइन बुकिंग कर सकेगा। बुकिंग पूरी होने के बाद किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चार अंकों का पंजीकरण नंबर भेजा जाएगा। किट वितरण की तिथि की जानकारी भी किसानों को एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।
आधार कार्ड और पंजीकरण नंबर जरूरी
मिनी सीड किट प्राप्त करने के लिए किसान को स्वयं उपस्थित होना होगा। वितरण के समय किसान को पंजीकरण नंबर और आधार कार्ड की मूल प्रति प्रस्तुत करनी होगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किसान को टोकन दिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित काउंटर से मिनी सीड किट प्राप्त की जा सकेगी।



















shamli kaise milega beej