पीलीभीत: जिले में बढ़ते तापमान और लगातार शुष्क मौसम के कारण गन्ने की फसल पर रेड स्पाइडर माइट (लाल मकड़ी कीट) का खतरा बढ़ गया है। कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और समय रहते प्रभावी कीट प्रबंधन उपाय अपनाने की सलाह दी है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके। ‘हिंदुस्तान’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) खुशीराम ने बताया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियां रेड स्पाइडर माइट के तेजी से फैलने के लिए अनुकूल हैं। यह बेहद सूक्ष्म कीट गन्ने की पत्तियों की निचली सतह से रस चूसता है, जिससे पत्तियों पर पीले और सफेद धब्बे दिखाई देने लगते हैं। प्रकोप बढ़ने पर पत्तियां सूख जाती हैं और प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रभावित होने से उत्पादन में गिरावट आ सकती है।
समेकित कीट प्रबंधन पद्धति अपनाना जरूरी….
उन्होंने कहा कि, इस कीट के प्रभावी नियंत्रण के लिए समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) पद्धति अपनाना बेहद जरूरी है। किसानों को खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने तथा नाइट्रोजन उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे माइट का प्रकोप और बढ़ सकता है। डीसीओ ने किसानों को खेतों को खरपतवार मुक्त रखने और अधिक प्रभावित पत्तियों को काटकर नष्ट करने की भी सलाह दी। उन्होंने बताया कि जैविक नियंत्रण के तहत नीम आधारित उत्पादों का उपयोग लाभकारी साबित हो सकता है। साथ ही मित्र कीटों और प्राकृतिक शत्रुओं का संरक्षण भी माइट नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नियमित रूप से फसल का निरीक्षण करना चाहिए…
उन्होंने कहा कि, भौतिक नियंत्रण के तौर पर पत्तियों की निचली सतह पर तेज पानी की फुहार देने से माइट की संख्या कम की जा सकती है। किसानों को नियमित रूप से अपनी फसल का निरीक्षण करना चाहिए और यदि प्रकोप अधिक दिखाई दे तो कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार अनुशंसित माइटनाशी दवाओं का प्रयोग करना चाहिए। डीसीओ ने स्पष्ट किया कि, दवा का छिड़काव करते समय पत्तियों की निचली सतह को अच्छी तरह कवर करना जरूरी है, क्योंकि माइट मुख्य रूप से वहीं पाए जाते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल रासायनिक उपायों पर निर्भर रहने के बजाय जैविक और रासायनिक तरीकों के संतुलित उपयोग से ही इस कीट का प्रभावी एवं पर्यावरण-अनुकूल नियंत्रण संभव है।


















