उत्तर प्रदेश : गन्ने की फसल पर रेड रॉट का बढ़ा खतरा, कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को किया सतर्क

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र में गन्ने की फसल पर रेड रॉट (लाल सड़न) बीमारी का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। कृषि विशेषज्ञों ने इसे गन्ने का सबसे गंभीर फफूंदी जनित रोग बताते हुए किसानों को समय रहते पहचान और नियंत्रण के उपाय अपनाने की सलाह दी है। भास्कर में प्रकशित खबर में कहा गया है की विशेषज्ञों के अनुसार, यदि इस बीमारी पर शुरुआत में ही नियंत्रण नहीं किया गया तो पूरी फसल प्रभावित हो सकती है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

बरसात के मौसम में तेजी से फैलता है संक्रमण

ChiniMandi WhatsApp Channel

रेड रॉट रोग विशेष रूप से अधिक नमी, लगातार बारिश और खेतों में जलभराव की स्थिति में तेजी से फैलता है। एक बार यह संक्रमण खेत में फैलने लगे तो स्वस्थ पौधों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले लेता है। रेहरा बाजार क्षेत्र के किसान प्रमोद, शिवशंकर, संजय, राजू, रवि और झिनकू ने बताया कि इस समय गन्ने की फसल अच्छी अवस्था में है, लेकिन लाल सड़न रोग की आशंका के कारण किसान चिंतित हैं।

ऐसे करें रेड रॉट की पहचान

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, संक्रमित पौधों की पत्तियां धीरे-धीरे पीली पड़ने लगती हैं, जबकि तना चीरने पर उसके अंदर लाल रंग के साथ सफेद धब्बे दिखाई देते हैं। इसके अलावा संक्रमित पौधों से सड़न जैसी दुर्गंध भी आने लगती है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि ऐसे पौधों को तुरंत उखाड़कर खेत से बाहर नष्ट कर दिया जाए, ताकि संक्रमण अन्य स्वस्थ पौधों तक न पहुंचे।

रोकथाम के लिए अपनाएं ये उपाय

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रमाणित और रोगमुक्त बीज का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही खेतों में जलभराव रोकने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने और फसल चक्र (क्रॉप रोटेशन) अपनाने पर जोर दिया है। एक ही खेत में लगातार गन्ने की खेती करने से रेड रॉट का खतरा बढ़ सकता है। किसानों को अपने खेतों का नियमित निरीक्षण करते रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखाई देने पर कृषि विभाग या कृषि रक्षा इकाई से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।

जागरूकता अभियान चलाने की मांग

क्षेत्र के किसानों ने कृषि विभाग से गांव-गांव जागरूकता शिविर आयोजित करने, आवश्यक फफूंदनाशी दवाएं उपलब्ध कराने और वैज्ञानिक सलाह देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय पर जागरूकता, नियमित निगरानी और तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से रेड रॉट जैसी घातक बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है और गन्ने की फसल को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here