लखनऊ : भारत में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी जारी है और कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। रूरल वॉइस में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, 18 अगस्त को उत्तर प्रदेश में M-ग्रेड चीनी का एक्स-फैक्ट्री भाव 5,400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। इसके ऊपर 5 प्रतिशत GST अलग से लागू है। घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। कम उत्पादन के साथ-साथ चीनी के निर्यात और गन्ने से मिलने वाले कच्चे माल को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़े जाने के कारण मौजूदा चीनी सीजन के अंत में क्लोजिंग स्टॉक कई वर्षों के निचले स्तर पर पहुंचने की संभावना है। आपूर्ति में कमी का असर अब घरेलू बाजार की कीमतों में साफ दिखाई दे रहा है।
स्पॉट मार्केट में भी चीनी की कीमतों में तेजी आई है। दिल्ली में चीनी का भाव करीब 5,775 रुपये प्रति क्विंटल और मुजफ्फरनगर में करीब 5,754 रुपये प्रति क्विंटल बताया जा रहा है। एक्स-फैक्ट्री कीमतों में बढ़ोतरी का असर थोक बाजार पर भी पड़ा है। दिल्ली में थोक चीनी का भाव करीब 5,800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। थोक बाजार में बढ़ी कीमतों का असर आने वाले दिनों में खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है। कुछ बाजारों में चीनी के खुदरा भाव पहले ही 58-60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। त्योहारी सीजन के दौरान यदि कीमतों में और बढ़ोतरी होती है तो इससे सरकार की खाद्य महंगाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है।हालांकि, बाजार में दिखाई दे रही कीमतों और सरकार के आधिकारिक खुदरा मूल्य आंकड़ों में अंतर है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के मूल्य निगरानी प्रभाग के अनुसार चीनी का औसत दैनिक खुदरा मूल्य 51.68 रुपये प्रति किलो है।
स्टॉक लिमिट के बाद भी बढ़े दाम
चीनी कारोबार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सरकार द्वारा प्रत्येक डीलर के लिए 4,000 क्विंटल की स्टॉक लिमिट तय किए जाने के बाद व्यापारियों और बिचौलियों ने स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया। इसका उद्देश्य कीमतों को नियंत्रित करना था, लेकिन बाजार में इसके उलट असर देखने को मिला और कीमतों में और तेजी आई। बाजार के खिलाड़ियों को पहले से ही आपूर्ति में कमी की आशंका थी और उन्होंने उसी के अनुसार अपनी स्टॉकिंग तथा व्यापार रणनीतियों में बदलाव किया।
जमाखोरी रोकने के लिए सरकार सख्त
केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने चीनी मिलों पर सट्टेबाजी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। 14 अगस्त को चीनी निदेशालय द्वारा चीनी मिलों को भेजे गए पत्र में कहा गया कि कई मिलों के पास घोषित मात्रा से अधिक स्टॉक पाया गया। सरकार ने यह भी कहा कि कुछ मिलें चीनी सौदे तय होने के बाद भी डिलीवरी में देरी कर रही हैं, जिससे बाजार में सट्टेबाजी को बढ़ावा मिल रहा है।मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जारी शुगर कंट्रोल ऑर्डर, 2025 के प्रावधानों के अनुसार चीनी मिलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


















