बलरामपुर : जिले में गन्ना विकास कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने बुधवार को गन्ना विकास परिषद तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम भैसाडीह में 63 कॉलम पर संचालित ग्राम स्तरीय सर्वे-सट्टा प्रदर्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच कर सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गन्ना सर्वे का कार्य पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही से किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अधिकारी ने मौके पर किसानों से संवाद कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और नए सदस्यों के रूप में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने गन्ना विभाग की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए पात्र किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। आगामी शरदकालीन गन्ना बुवाई को देखते हुए जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को ट्रेंच विधि अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इस वैज्ञानिक तकनीक से गन्ने की खेती में बीज की बचत, बेहतर अंकुरण, जल संरक्षण और अधिक उत्पादन संभव है।
उन्होंने किसानों को गन्ने के साथ सहफसली खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ खेती की लागत को भी कम कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।


















