पीलीभीत : जिले में गन्ने के खेत में काम कर रहे एक मजदूर पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। बाघ ने मजदूर को जबड़े में दबोचकर खेत के अंदर खींचने की कोशिश की, लेकिन साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने शोर मचाकर उसे बचा लिया। घायल मजदूर को पहले भरतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे पलिया रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पगमार्क की जांच की। ट्रांस शारदा क्षेत्र में बाघ और तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गन्ने के खेतों में छिपे ये वन्यजीव लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हजारा थाना क्षेत्र के मुरैना गांधीनगर गांव में पदम सिंह के खेत में मजदूर गन्ने की छिलाई कर रहे थे, तभी अचानक बाघ ने भरत कुमार पर हमला कर दिया। हालांकि, मजदूरों की सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


















