उत्तर प्रदेश : चार माह से वेतन बकाया, गड़ौरा चीनी मिल में मजदूरों का प्रदर्शन

महराजगंज : गड़ौरा चीनी मिल में चार महीने से वेतन न मिलने से नाराज मजदूरों ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए श्रमिकों ने मिल परिसर में चीनी लोडिंग का काम बंद कराते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द भुगतान की मांग उठाई। आंदोलन का नेतृत्व मजदूर संघ के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में मजदूर मिल परिसर में जुट गए और बकाया वेतन को लेकर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि, लगातार चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। घर का राशन, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि, कई बार मिल प्रबंधन से वेतन भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। इससे नाराज होकर मजदूरों ने चीनी की लोडिंग पूरी तरह बंद करा दी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मजदूर संघ के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने ‘हिंदुस्तान’ से कहा कि, मिल मजदूरों की मेहनत से चलती है, लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। चीनी लोडिंग बंद होने से मिल संचालन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल मजदूर भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here