बर्लिन : जर्मनी सरकार आने वाले वर्षों में बढ़ते बजट घाटे से निपटने के लिए चीनी पर टैक्स लगाने की योजना बना रही है। मंगलवार को ‘एएफपी’ द्वारा देखे गए एक मसौदा विधेयक में यह जानकारी सामने आई। इस योजना को 2027 के बजट में शामिल किए जाने की संभावना है। इसके तहत कोका-कोला जैसे मीठे पेय पदार्थों के उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कर देना पड़ सकता है, जिससे सरकारी खजाने को राजस्व मिलेगा। अन्य देशों में लागू ऐसे करों के बाद कुछ सोडा और मीठे पेय बनाने वाली कंपनियों ने चीनी की मात्रा कम कर दी है और कृत्रिम मिठास (आर्टिफिशियल स्वीटनर) का इस्तेमाल बढ़ाया है।
नए बजट अनुमानों के अनुसार, बर्लिन 2027 में अपने मुख्य बजट के लिए 110 अरब यूरो (करीब 128 अरब डॉलर) उधार लेने की योजना बना रहा है, जबकि इस साल यह 98 अरब यूरो और 2025 में 66.9 अरब यूरो था। चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के नेतृत्व में सरकार बुनियादी ढांचे को सुधारने और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त उधारी भी लेने जा रही है। इसके लिए एक विशेष फंड का इस्तेमाल किया जाएगा, जो मुख्य बजट से बाहर नए निवेश के लिए बनाया गया है।
धीमी आर्थिक वृद्धि, यूक्रेन युद्ध के दौरान यूरोप के पूर्वी मोर्चे पर रूस से संभावित खतरे के बीच रक्षा खर्च बढ़ाने की योजना ने भी मुख्य बजट पर दबाव बढ़ाया है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, जर्मनी का रक्षा खर्च 2030 तक जीडीपी के 3.7 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है, जो इस साल 2.8 प्रतिशत है। प्रस्तावित चीनी कर की मार्च में एक कार्य समूह द्वारा समीक्षा की गई थी, जिसमें सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव दल और केंद्र-वामपंथी एसपीडी के सांसद शामिल थे।सऊदी अरब, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम सहित कई देशों ने पहले ही मीठे या शक्करयुक्त पेय पर कर लागू किया है।


















