कर्नाटक : 25 साल बाद ब्रह्मावर शुगर फैक्ट्री में फिर शुरू हुई गन्ने की खेती, किसानों में बढ़ी उम्मीद

उडुपी : करीब 25 वर्षों बाद ब्रह्मावर सहकारी शुगर फैक्ट्री परिसर में एक बार फिर गन्ने की खेती शुरू हो गई है, जिससे तटीय क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है।फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय स्तर पर गन्ना उत्पादन को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से लगभग चार एकड़ भूमि पर गन्ने की बुवाई शुरू की है। ब्रह्मावर सहकारी शुगर फैक्ट्री की स्थापना वर्ष 1987 में तटीय किसानों को सहारा देने के उद्देश्य से की गई थी। फैक्ट्री ने वर्ष 2006 में गन्ना पेराई बंद कर दी थी और 2008 में पूरी तरह से बंद हो गई थी। बाद में वर्ष 2021 में पूर्व प्रबंधन ने फैक्ट्री परिसर में गुड़ उत्पादन दोबारा शुरू किया, जबकि नए प्रबंधन ने अब गन्ने की खेती की भी शुरुआत कर दी है। पिछले पांच वर्षों से फैक्ट्री बाहरी क्षेत्रों से गन्ना खरीदकर परिसर में गुड़ उत्पादन कर रही थी। फैक्ट्री के गुड़ उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग देखी जा रही है। इस वर्ष फैक्ट्री ने करीब 500 टन गन्ने की खरीद कर 600 क्विंटल से अधिक गुड़ का उत्पादन किया, जिससे लगभग 25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। गुड़ इकाई के मई के अंत तक संचालित रहने की उम्मीद है।

नए प्रबंधन ने गोकाक और मांड्या जैसे क्षेत्रों का अध्ययन दौरा करने के बाद उन्नत 86032 मीरा गन्ना किस्म की खरीद की। वर्तमान में फैक्ट्री परिसर में तेजी से रोपाई का कार्य चल रहा है। खेतों में सोलर फेंसिंग और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी लगाई गई हैं। अधिकारियों के अनुसार यह फसल 10 से 14 महीनों में तैयार हो जाएगी।एक समय तटीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती थी, लेकिन शुगर फैक्ट्री बंद होने, खेती की चुनौतियों और अन्य नकदी फसलों की ओर किसानों के झुकाव के कारण गन्ना उत्पादन धीरे-धीरे कम हो गया। अब गुड़ उत्पादन की वापसी और फैक्ट्री विस्तार की योजनाओं से किसानों में फिर उम्मीद जगी है कि वे दोबारा गन्ने की खेती की ओर लौटेंगे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्तमान में गुड़ इकाई के लिए अधिकांश गन्ना अन्य जिलों से मंगाया जा रहा है। फैक्ट्री अधिकारियों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर गन्ना उत्पादन बढ़ने से आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। फैक्ट्री अध्यक्ष बेलवे सतीश किणी ने कहा कि, किसानों का भरोसा फिर से जीतना गन्ना खेती शुरू करने का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि, प्रबंधन किसानों को गन्ना बीज उपलब्ध कराने और आने वाले समय में गुड़ उत्पादन इकाई का विस्तार करने की भी योजना बना रहा है। जिला किसान संघ अध्यक्ष प्रताप चंद्र शेट्टी के सुझावों के आधार पर आगे की योजनाएं तैयार की जाएंगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here