नई दिल्ली : नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर देश के चीनी, एथेनॉल और जैव-ऊर्जा (बायो-एनर्जी) क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में भारत के ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने में चीनी उद्योग की भूमिका को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।NFCSF के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटिल और प्रबंध निदेशक प्रकाश नाईकनवरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एथेनॉल मिश्रण (इथेनॉल ब्लेंडिंग), जैव ईंधन (बायोफ्यूल) के विस्तार, सतत परिवहन (सस्टेनेबल मोबिलिटी) और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के विकास के माध्यम से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में चीनी उद्योग की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों और सहकारी चीनी मिलों की दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती तथा उद्योग के सतत विकास के लिए आवश्यक नीतिगत उपायों पर भी जोर दिया।
NFCSF ने केंद्र सरकार से एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़ाने, हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) परियोजनाओं को गति देने और सहकारी चीनी मिलों की भूमिका को और सशक्त बनाने के लिए निरंतर नीतिगत सहयोग देने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि, इससे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, यदि सहकारी क्षेत्र की भागीदारी को और मजबूत किया जाता है, तो इससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा अभियान को गति मिलेगी। साथ ही चीनी उद्योग और गन्ना किसानों के लिए दीर्घकालिक विकास और नए आर्थिक अवसर भी सृजित होंगे।


















