नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को लेकर लग रहे हितों के टकराव (Conflict of Interest) के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, इस नीति से उन्हें कोई व्यक्तिगत आर्थिक लाभ नहीं होता। ‘बिजनेस टुडे’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि, उनके परिवार का चीनी कारोबार एथेनॉल नीति लागू होने से काफी पहले से संचालित हो रहा है। एक विशेष बातचीत में गडकरी ने कहा, एथेनॉल नीति से मुझे कोई फायदा नहीं होता। एथेनॉल उत्पादन में मेरी हिस्सेदारी केवल 0.07 प्रतिशत है। इतनी छोटी हिस्सेदारी के साथ किसी बड़े आर्थिक लाभ की बात ही नहीं उठती।
‘मेरे लिए नीति बनाने का आरोप पूरी तरह निराधार’…
हितों के टकराव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गडकरी ने कहा कि, यह दावा पूरी तरह बेबुनियाद है कि उन्होंने अपने निजी लाभ के लिए एथेनॉल नीति तैयार की। उन्होंने कहा, “जिस व्यक्ति की हिस्सेदारी केवल 0.07 प्रतिशत हो, वह अपने निजी लाभ के लिए देश की एथेनॉल नीति को प्रभावित नहीं कर सकता।” गडकरी ने बताया कि, वर्तमान में देश में करीब 550 एथेनॉल उत्पादन इकाइयों के माध्यम से हर साल लगभग 1,500 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हो रहा है, जिसमें उनकी हिस्सेदारी केवल 0.07 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि, उनका उद्देश्य केवल एथेनॉल नहीं, बल्कि वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, एथेनॉल के इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ेगी और भारत की आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम होगी।
‘एथेनॉल नीति मेरा अकेले का फैसला नहीं’…
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं है, बल्कि इसे व्यापक विचार-विमर्श और वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर लागू किया गया है।उन्होंने कहा, एथेनॉल पर फैसला मैंने अकेले नहीं लिया। इस पूरी प्रक्रिया में पेट्रोलियम मंत्रालय, केंद्रीय मंत्रिमंडल और वैज्ञानिक संस्थानों से व्यापक सलाह-मशविरा किया गया है।”
E20 पेट्रोल पर उठे सवालों का दिया जवाब…
E20 पेट्रोल से वाहनों को नुकसान होने की आशंकाओं पर गडकरी ने कहा कि, यदि किसी वाहन मालिक को वास्तव में एथेनॉल मिश्रित ईंधन के कारण नुकसान हुआ है तो वह डीलर और उनके मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराए।उन्होंने कहा, यदि किसी वाहन को एथेनॉल की वजह से नुकसान हुआ है तो हम जांच कराएंगे और जरूरत पड़ने पर राहत भी देंगे।
वाहन कंपनियों ने नहीं की कोई शिकायत…
गडकरी के अनुसार, मारुति सुजुकी, टोयोटा, टाटा मोटर्स और महिंद्रा जैसी प्रमुख वाहन कंपनियों ने E20 ईंधन से वाहनों को नुकसान होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने टोयोटा की एक हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जांच में वाहन खराब होने का कारण एथेनॉल नहीं, बल्कि ईंधन में पानी की मिलावट पाया गया। गडकरी ने कहा कि, E20 ईंधन कोई प्रयोगात्मक परियोजना नहीं है। किसी भी वाहन को मंजूरी मिलने से पहले उसे चार वर्षों तक परीक्षण से गुजरना पड़ता है और लाखों किलोमीटर तक चलाकर उसकी जांच की जाती है।
‘मेरी छवि और एथेनॉल कार्यक्रम को बदनाम करने की कोशिश’…
गडकरी ने आरोप लगाया कि, एथेनॉल को लेकर चल रहा विवाद राजनीतिक रूप से प्रेरित है और इसका उद्देश्य उनकी छवि तथा एथेनॉल कार्यक्रम को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्राजील, जापान, जर्मनी, थाईलैंड और स्वीडन जैसे कई देशों में एथेनॉल मिश्रित ईंधन का व्यापक उपयोग पहले से हो रहा है। भारत की एथेनॉल मिश्रण नीति भी वैश्विक मानकों और सफल मॉडलों के अनुरूप है, न कि कोई प्रयोगात्मक व्यवस्था। हालांकि, E20 पेट्रोल को लेकर देश में बहस जारी है। सरकार का कहना है कि अब तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो कि E20 ईंधन वाहनों को नुकसान पहुंचाता है। वहीं, कुछ वाहन मालिक और ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ पुराने वाहनों पर इसके दीर्घकालिक प्रभावों को लेकर चिंता जता रहे हैं।


















