फिलीपींस : गन्ने की फसल को कीटों और प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए बनेगी राष्ट्रीय टास्क फोर्स

मनीला : फिलीपींस सरकार गन्ना उद्योग को कीटों के प्रकोप और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एक राष्ट्रीय टास्क फोर्स गठित करने की तैयारी कर रही है। शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) और कृषि विभाग (DA) मिलकर इस टास्क फोर्स का गठन करेंगे। यह कदम गन्ने की फसल में रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल कीट के बढ़ते प्रकोप के बीच उठाया जा रहा है।

बिजनेस वर्ल्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, SRA के प्रशासक पाब्लो लुइस एस. एज़कोना ने बताया कि टास्क फोर्स के गठन का प्रस्ताव राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, प्रथम महिला मैरी लुईस सी. अरानेटा-मार्कोस, प्रेसिडेंशियल असिस्टेंस फॉर द विसायस कार्यालय, कृषि विभाग और SRA के समर्थन से तैयार किया गया है। प्रतिनिधि अल्फ्रेडो बी. बेनिटेज और जेवियर मिगुएल एल. बेनिटेज भी इस पहल से जुड़े हैं।टास्क फोर्स के औपचारिक गठन के लिए एक मसौदा कार्यकारी आदेश तैयार किया जा रहा है, जिसे राष्ट्रपति कार्यालय को भेजा जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों को एक समान जानकारी देने पर जोर

एज़कोना के अनुसार, प्रस्तावित टास्क फोर्स मुख्य रूप से समन्वय तंत्र के रूप में काम करेगी। इसमें विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ गन्ना उद्योग से जुड़े हितधारकों को शामिल किया जाएगा।इसका एक प्रमुख उद्देश्य किसानों तक पहुंचने वाली जानकारी को एकीकृत और मानकीकृत करना भी होगा। फिलहाल कीटों से जुड़ी समस्याओं से निपटने के लिए एक समान प्रोटोकॉल नहीं होने के कारण किसानों को अलग-अलग तरह की जानकारी मिलने की स्थिति बन रही है।

कृषि विभाग इस टास्क फोर्स का नेतृत्व करेगा, जबकि SRA उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएगा। सामाजिक कल्याण एवं विकास विभाग, श्रम एवं रोजगार विभाग, आंतरिक एवं स्थानीय सरकार विभाग और अग्नि सुरक्षा ब्यूरो के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल होंगे।निजी क्षेत्र की ओर से गन्ना किसान महासंघ, स्वतंत्र किसान संगठन, चीनी मिलें, रिफाइनरी और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।

प्राकृतिक आपदाओं से निपटना भी टास्क फोर्स के दायरे में

टास्क फोर्स का काम केवल कीटों के प्रकोप तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी भी इसके दायरे में होगी।एज़कोना ने बताया कि देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक द्वीप नेग्रोस के दक्षिणी हिस्से में बारिश में काफी कमी आई है। सामान्य तौर पर इस क्षेत्र में सालाना करीब 100 इंच बारिश होती है, लेकिन अब यह घटकर लगभग 60 इंच रह गई है।उन्होंने बताया कि, उत्तरी नेग्रोस में स्थिति और गंभीर है, जहां बारिश में 60 से 70 प्रतिशत तक कमी आई है।

अल नीनो से पहले कार्ययोजना तैयार करने की तैयारी

एज़कोना ने कहा कि, संभावित अल नीनो की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय टास्क फोर्स का गठन जल्द किया जाना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कृषि विभाग और राष्ट्रपति कार्यालय इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएंगे, ताकि अल नीनो की स्थिति शुरू होने से पहले गन्ना उद्योग के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार हो सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here