USDA ने 2026-27 के लिए फिलीपींस के चीनी उत्पादन का अनुमान घटाया, कीटों का प्रकोप और अल नीनो बने बड़ी चुनौती

मनीला: अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने विपणन वर्ष 2026-27 के लिए फिलीपींस के कच्चे चीनी उत्पादन का अनुमान घटा दिया है। गन्ने की फसल पर कीटों के बढ़ते प्रकोप, अल नीनो के कारण कम बारिश और उत्पादन लागत में वृद्धि को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है।USDA की विदेश कृषि सेवा (FAS) ने 8 अक्टूबर को जारी अपनी रिपोर्ट में फिलीपींस का कच्ची चीनी उत्पादन 17 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान जताया है।यह 2025-26 के संशोधित अनुमान 18.5 लाख मीट्रिक टन से लगभग 8 प्रतिशत कम है।

गन्ने पर कीटों का बढ़ता प्रकोप

ChiniMandi WhatsApp Channel

USDA ने रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) नामक कीट के प्रकोप को प्रमुख चिंता बताया है। चीनी नियामक प्रशासन (SRA) के आंकड़ों के अनुसार, 28 अगस्त तक इस कीट से 1,39,364 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की फसल प्रभावित हुई थी। यह देश में गन्ने के कुल 4,21,606 हेक्टेयर खेती क्षेत्र का लगभग 33 प्रतिशत है।प्रभावित क्षेत्र का करीब आधा हिस्सा विसायस क्षेत्र में है, विशेष रूप से नेग्रोस और पानाय में। ये दोनों क्षेत्र फिलीपींस के प्रमुख चीनी उत्पादन केंद्रों में शामिल हैं।

अल नीनो से फसल पर असर

अल नीनो के कारण सामान्य से कम बारिश होना भी गन्ने की पैदावार के लिए चुनौती बन रहा है। गन्ने की वृद्धि के शुरुआती छह से आठ महीनों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से फसल का विकास प्रभावित होता है।सूखे की स्थिति में RSSI कीट का प्रजनन भी तेजी से होता है, जिससे फसल को होने वाला नुकसान और बढ़ जाता है।USDA के अनुसार, उर्वरकों और ईंधन की बढ़ती कीमतों के साथ कीटनाशकों के अधिक इस्तेमाल से उत्पादन लागत में वृद्धि हो रही है। इससे किसानों का मुनाफा भी प्रभावित हो रहा है।

चीनी की खपत बढ़ने का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस में चीनी की खपत 2 प्रतिशत बढ़कर 23 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है। पिछले वर्ष यह 22.5 लाख मीट्रिक टन थी। खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्माताओं की ओर से मीठे उत्पादों की बढ़ती मांग को इसका प्रमुख कारण माना गया है। यूनिवर्सिटी ऑफ एशिया एंड द पैसिफिक के सेंटर फॉर फूड एंड एग्रीबिजनेस के अध्ययन का हवाला देते हुए USDA ने बताया कि देश में चीनी की कुल घरेलू मांग में औद्योगिक उपयोगकर्ताओं की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत, घरेलू उपभोक्ताओं की 32 प्रतिशत और संस्थागत उपयोगकर्ताओं की 18 प्रतिशत है।

2026-27 में कच्ची चीनी का निर्यात नहीं होने का अनुमान

USDA को उम्मीद है कि, 2026-27 में फिलीपींस से कच्ची चीनी का निर्यात नहीं होगा। हालांकि, अमेरिका ने फिलीपींस के लिए 1,54,386 मीट्रिक टन रॉ वैल्यू (MTRV) का चीनी कोटा निर्धारित किया है। इसमें 1,45,235 MTRV का शुरुआती कोटा और अतिरिक्त 9,151 MTRV शामिल हैं।चीनी नियामक प्रशासन के प्रशासक पाब्लो लुइस एज़कोना ने बताया कि कोटा पूरा करने के संबंध में निर्णय लेने के लिए एजेंसी ने नवंबर तक का समय मांगा है। यह फैसला अक्टूबर और नवंबर के गन्ना पेराई परिणामों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।

रिफाइंड चीनी का आयात बढ़ने की संभावना

USDA ने रिफाइंड चीनी का आयात 3 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान लगाया है, जो कच्ची चीनी के समतुल्य लगभग 3.21 लाख मीट्रिक टन है। यह पिछले वर्ष के संशोधित 2.14 लाख मीट्रिक टन रॉ वैल्यू के अनुमान से अधिक है।इस अनुमान में शुगर ऑर्डर 3, वर्ष 2025-26 को ध्यान में रखा गया है। इसके तहत पात्र निर्यातकों को भविष्य की आयात योजनाओं में प्राथमिकता मिल सकती है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, निर्यात की गई प्रत्येक एक टन चीनी के बदले तीन टन चीनी के आयात का अवसर दिया जाता है।यह अनुमान 14 जनवरी को जारी शुगर ऑर्डर 2 के अनुरूप भी है, जिसमें किसानों से स्वैच्छिक रूप से चीनी खरीदने की व्यवस्था शामिल है। इसके तहत पात्रता हासिल करने वाले किसानों और संबंधित पक्षों को भविष्य की आयात एवं निर्यात योजनाओं में भाग लेने का अवसर मिल सकता है।

चीनी के भंडार में 43 प्रतिशत गिरावट का अनुमान

USDA के अनुसार, फिलीपींस में चीनी का भंडार 43 प्रतिशत घटकर 3.76 लाख मीट्रिक टन रह सकता है। पिछले वर्ष यह 6.55 लाख मीट्रिक टन था।उत्पादन में संभावित गिरावट, बढ़ती घरेलू खपत और आयात पर बढ़ती निर्भरता के बीच फिलीपींस का चीनी क्षेत्र आने वाले विपणन वर्ष में कई चुनौतियों का सामना कर सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here