लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और देरी से किए गए भुगतान पर ब्याज की वसूली नहीं होने को गंभीरता से लिया है। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, अदालत ने कहा कि, विभिन्न वसूली प्रमाणपत्रों (Recovery Certificates – RCs) के तहत करीब 1,936 करोड़ रुपये की राशि अब भी बकाया है। यह आदेश किसान मजदूर संगठन के संयोजक वीएम सिंह द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनाया गया।
न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि, संशोधित वसूली प्रमाणपत्रों के आधार पर किसानों को देय राशि की वसूली के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। अदालत ने यह भी पाया कि, कुछ मामलों में जारी किए गए वसूली प्रमाणपत्रों में ब्याज दर 15 प्रतिशत के बजाय 12 प्रतिशत दर्ज की गई थी। अदालत के अनुसार, इस अंतर के कारण किसानों को मिलने वाली राशि प्रभावित हो सकती है और करीब 170 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की वसूली का मामला बन सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट की पीठ ने चार पूर्व गन्ना आयुक्तों को भी इस मामले में पक्षकार बनाया है। अदालत ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि 23 दिसंबर 2021 के हाईकोर्ट के फैसले के बावजूद कम ब्याज दर वाले वसूली प्रमाणपत्र क्यों जारी किए गए। पूर्व अधिकारियों से यह भी स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों शुरू नहीं की जानी चाहिए।
पीठ ने गन्ना आयुक्त को यह भी निर्देश दिया कि, वह अदालत को बताए कि बकाया गन्ना भुगतान की राशि की वसूली कितने समय में पूरी होने की संभावना है।अदालत ने यह स्पष्टीकरण भी मांगा है कि बकाया राशि पर ब्याज की गणना मूल रकम देय होने की तारीख से वास्तविक भुगतान की तारीख तक की जाएगी या केवल वसूली प्रमाणपत्र जारी होने की तारीख तक ही ब्याज की गणना की जाएगी।इस मामले में अगली सुनवाई 15 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की गई है।


















