नई दिल्ली : रालोद सांसद राजकुमार सांगवान ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर गन्ना किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने गन्ना क्रय और भुगतान प्रणाली से जुड़े शुगर कंट्रोल ऑर्डर में किसानों के हित में आवश्यक सुधार करने की मांग की। साथ ही चीनी मिलों के लिए गन्ना क्षेत्र आवंटन और सीएसआर आधारित निवेश को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। सांसद ने कहा कि, जो चीनी मिलें किसानों का भुगतान समय पर नहीं करतीं, उनके गन्ना क्रय क्षेत्र में कटौती की जानी चाहिए। वहीं, समय पर भुगतान करने वाली मिलों को अधिक गन्ना क्षेत्र आवंटित किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी मांग रखी कि, चीनी मिलों के लिए गन्ना क्षेत्र में सीएसआर आधारित न्यूनतम निवेश की अनिवार्य व्यवस्था लागू की जाए। सांगवान के अनुसार, प्रत्येक चीनी मिल को कम से कम एक हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से गन्ना क्षेत्र के विकास पर खर्च करना चाहिए। यह राशि किसानों के प्रशिक्षण, तकनीकी विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास में उपयोग की जाए।इसके अलावा सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यक्तिगत उपयोग के लिए संचालित छोटी गुड़ निर्माण इकाइयों को पंजीकरण से छूट देने और चीनी मिलों के बीच दूरी संबंधी बाध्यता समाप्त करने की भी मांग की। केंद्रीय मंत्री ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया।


















