अमरोहा : गन्ने की फसल पर ‘पोक्का बोइंग’ नामक नए रोग का प्रकोप किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है। पहले से ही रेड रॉट (लाल सड़न) रोग की मार झेल रहे किसानों के सामने अब इस नई बीमारी ने फसल को बचाने की चुनौती खड़ी कर दी है। किसानों को आशंका है कि यदि समय रहते इस रोग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो गन्ने की पैदावार पर गंभीर असर पड़ सकता है। किसानों के अनुसार, पोक्का बोइंग रोग की पहचान पिछले वर्ष हुई थी। इस रोग के संक्रमण से गन्ने की ऊपरी पत्तियां पहले पीली पड़ने लगती हैं और धीरे-धीरे सूखकर गिर जाती हैं। इसके बाद तना सड़ने लगता है, जिससे पौधे की बढ़वार रुक जाती है और अंततः पूरा पौधा सूख सकता है।
रोग के बढ़ते खतरे को देखते हुए किसान गन्ना एवं कृषि विभाग के विशेषज्ञों से लगातार सलाह ले रहे हैं। उनका कहना है कि, यदि मौसम की अनुकूल परिस्थितियों में यह संक्रमण तेजी से फैला तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।प्रगतिशील किसान होमपाल सिंह, रोहित कुमार, कुलदीप सिंह, सतेंद्र सिंह और ब्रजपाल सैनी ने बताया कि इन दिनों गन्ने की फसल पर विभिन्न रोगों का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बताया कि पोक्का बोइंग रोग से संक्रमित पौधों की नई पत्तियां ऐंठकर आपस में उलझ जाती हैं और सड़कर नीचे गिरने लगती हैं। इसके कारण पौधा ऊपर से सूखने लगता है तथा बीच का हिस्सा भी सड़ जाता है, जिससे फसल की उपज प्रभावित होती है। पिछले वर्ष भी रेड रॉट (लाल सड़न) रोग के कारण गन्ने की फसल को भारी नुकसान हुआ था। ऐसे में इस नए रोग के फैलने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।


















